मुख्य समाचार

देश के सबसे लंबे एलिवेटेड पथ का सीएम ने किया उद्घाटन

पटना। देश के सबसे लंबे एलिवेटेड एम्स-दीघा पथ का मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने उद्घाटन किया। 12.27 किलोमीटर लंबा पथ 1289.25 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित है। एम्स-दीघा ऐलिवेटेड काॅरिडोर निर्माण का उद्देश्य एम्स, पटना को राज्य के सुदूर क्षेत्र से तीव्र गति से संपर्कता प्रदान करना है।

बिहार में इस प्रकार की यह पहली ऐलिवेटेड परियोजना है। राज्य सरकार के उपक्रम राज्य पथ विकास निगम लि. ने इसका निर्माण कराया है। परियोजना के अंतर्गत दानापुर रेलवे स्टेशन के निकट एक आरओबी का निर्माण किया गया है। इससे पटना शहर को जाम से छुटकारा मिल सकेगा। 

इस मौके पर मुख्यमंत्री ने कहा कि इसे वर्ष 2018 तक पूरा हो जाना था, लेकिन आरओबी के निर्माण के कारण इसमें थोड़ा और समय लगा। एलिवेटेड सड़क के ऊपर एलिवेटेड पुल के निर्माण से लोगों को आवागमन में सुविधा के साथ समय की भी बचत होगी। उन्होंने निर्माण कार्य से जुड़े अभियंता एवं अधिकारियों को पुरस्कृत भी किया। इसके बाद मुख्यमंत्री ने दीघा-सोनपुर रेल सह सड़क पुल के उत्तरी पहुंच पथ निर्माण कार्य का भी जायजा लिया। 

इस अवसर पर डिप्टी सीएम तारकिशोर प्रसाद एवं रेणु देवी, पथ निर्माण मंत्री मंगल पांडेय, स्थानीय जनप्रतिनिधि, मुख्य सचिव, सीएम के प्रधान सचिव एवं सचिव, अपर मुख्य सचिव अमृतलाल मीणा, रोड डेवलपमेंट कॉरपोरेशन के एमडी संजय अग्रवाल, आईजी संजय सिंह, डीएम कुमार रवि समेत कई अधिकारी उपस्थित थे। 


संबंधित खबरें