पटना। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पुलिस मुख्यालय के वरिष्ठ अधिकारियों को पुनः कड़ा निर्देश देते हुए कहा कि अपराध नियंत्रण को लेकर किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जायेगी। हर हाल में अपराध पर नियंत्रण रखें। कानून का सख्ती से पालन होना चाहिए।
मुख्यमंत्री लगातार पांच घंटे तक विधि-व्यवस्था से संबंधित उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने वरिष्ठ अधिकारियों को कई निर्देश दिए। इससे पहले 28 नवंबर को विधि-व्यवस्था से संबंधित समीक्षा बैठक हुई थी।
समीक्षा के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि हाल के दिनों में यह देखा गया है कि कम उम्र के लड़कों में अपराध करने की प्रवृत्ति बढ़ी है। अपराध नियंत्रण के लिए पुलिस को संवेदनशीलता और सख्ती के साथ इस दिशा में काम करना होगा। पेशेवर अपराधियों को चिन्हित कर उनके खिलाफ कठोर कदम उठाएं। जिन थाना क्षेत्रों में क्राइम बढ़े हैं, उनकी समीक्षा कर अधिकारियों पर कड़ी कार्रवाई करें।
सीएम ने कहा कि सभी थाना क्षेत्रों में रात्रि गश्ती को और मजबूत करने की जरूरत है। पुलिस वाहन के लिए पुलिस बल से ही स्थायी ड्राइवर की व्यवस्था करें। पुलिस व्यवस्था में गोपनीयता आवश्यक है। स्टेशन डायरी अपडेट रखने, ट्रैफिक जाम से निजात एवं ओवरलोडिंग पर सख्ती से कार्रवाई का भी निर्देश दिया। उन्होंने भविष्य को ध्यान में रखते हुए साइबर अपराध पर नियंत्रण के लिए कार्ययोजना बनाकर काम करने पर जोर दिया।
एडीजी जेएस गंगवार एवं जीतेंद्र कुमार ने अपराध की रोकथाम से संबंधित प्रेजेंटेशन दिया। बैठक में मुख्य सचिव एवं डीजीपी समेत वरिष्ठ पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी मौजूद थे।