पटना। लाॅकडाउन में घर लौटे श्रमिकों को स्थानीय स्तर पर रोजगार उपलब्ध कराने की मुहिम जिला प्रशासन ने तेज कर दी है। अथमलगोला प्रखंड के सबनीमा में पेवर ब्लॉक निर्माण इकाई, बेऊर में रेडीमेड गारमेंट, नौबतपुर में एग्री बिजनेस, बिहटा के परेब में पेवर ब्लॉक एवं पालीगंज के सिंगोड़ी में हस्तकरघा उद्योग की स्थापना का काम जारी है। जिला औद्योगिक नवप्रवर्तन योजना के तहत डीएम कुमार रवि ने जिले में शुरू होने वाली यूनिट की समीक्षा की।
नौबतपुर में एग्री बिजनेस सेंटर औद्योगिक यूनिट का काम जारी है। इस यूनिट में किसानों से सब्जी की खरीद, समुचित प्रोसेसिंग, ग्रेडिंग एवं मार्केटिंग का काम होगा। डीएम ने जिला उद्योग केंद्र के जीएम को सभी यूनिट में काम की प्रगति का निरीक्षण कर दो दिनों में रिपोर्ट देने का निर्देश दिया। रिपोर्ट में किस यूनिट में कितने लोगों को रोजगार मिला, मशीन की स्थिति, प्रतिदिन उत्पादन की मात्रा एवं आर्थिक अर्जन की जानकारी देनी होगी।
लोगों ने चावल एवं दाल मिल, पशु आहार, मक्का प्रोसेसिंग यूनिट, गारमेंट्स, आम-लीची प्रोसेसिंग यूनिट, आईटी सेवा, मत्स्य पालन, पापड़ एवं मसाला से संबंधित यूनिट लगाने का सुझाव दिया। बैठक में जिला उद्योग केंद्र के जीएम उमेश प्रसाद, जिला कृषि पदाधिकारी राकेश रंजन, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी प्रमोद कुमार सहित कई अधिकारी उपस्थित थे।