पटना। पुलिस आधुनिकीकरण के लिए विस्तृत योजना बनाने का निर्देश मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने दिया है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार से इस मद में प्राप्त होने वाली राशि के अलावा राज्य सरकार भी अतिरिक्त राशि उपलब्ध करायेगी। सभी संवेदनशील स्थानों पर सीसीटीवी कैमरा शीघ्र लगाने पर उन्होंने जोर दिया। सरदार पटेल भवन स्थित पुलिस मुख्यालय एवं आपदा प्रबंधन कार्यालय के निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने उक्त निर्देश दिए।
सीएम ने कहा कि कानून-व्यवस्था एवं अपराध नियंत्रण पर काम हो रहा है। गृह विभाग एवं पुलिस पदाधिकारियों के साथ इस पर विस्तृत बातचीत हुई है। उम्मीद है कि विधि-व्यवस्था की स्थिति और बेहतर होगी।
मुख्यमंत्री ने राजगीर स्थित बिहार पुलिस अकादमी में प्रशिक्षण की सभी व्यवस्था, फॉरेंसिक लैब को पूरी तरह से फंक्शनल करने, अकादमी के अस्पताल में चिकित्सकों की संख्या बढ़ाने एवं परिसर में उपलब्ध प्राकृतिक जल संरचनाओं को अच्छी तरह से विकसित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि अकादमी को गंगा का पानी भी उपलब्ध कराया जाएगा।
बिहार पुलिस अकादमी के निदेशक सह एडीजी भृगु श्रीनिवासन ने मुख्यमंत्री को अकादमी में उपलब्ध आधारभूत संरचनाओं की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि दिसंबर, 2018 से अब तक 150 डीएसपी, 2000 एसआई एवं 300 उत्पाद निरीक्षक ने प्रशिक्षण प्राप्त किया है। कोविड काल में मई, 2020 से अब तक 24 डीएसपी एवं 1600 एसआई को ऑनलाइन ट्रेनिंग दी जा रही है।
पुलिस महानिदेशक (प्रशिक्षण) आलोक राज ने बताया कि भूमि विवाद से संबंधित मामलों के निपटारे के लिए पुलिस पदाधिकारियों को जनवरी, 2021 में अनुग्रह नारायण सिंह समाज अध्ययन संस्थान, पटना में प्रशिक्षण दिया जाएगा। एडीजी एनके आजाद ने पुलिस आधुनिकीकरण के संबंध में प्रेजेंटेशन दिया।
बैठक में डीजीपी एसके सिंघल, अपर मुख्य सचिव आमिर सुबहानी, कई वरिष्ठ पुलिस अधिकारी, प्रधान सचिव चंचल कुमार, सचिव मनीष कुमार वर्मा एवं अनुपम कुमार, ओएसडी गोपाल सिंह सहित अन्य वरीय पदाधिकारी मौजूद थे।