मुख्य समाचार

कोविड-19 टीका अभियान का दो जनवरी से ड्राई रन

नई दिल्ली। केंद्र सरकार ने सभी राज्य और केंद्रशासित प्रदेशों से  कहा है कि वे अपने यहां कोविड-19 के टीका अभियान को प्रभावी तरीके से चलाने के लिए कमर कस लें। केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव राजेश भूषण ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए टीकाकरण के लिए बनाए गए सत्र स्थलों की तैयारियों की समीक्षा की। पहले चरण में प्राथमिकता कोरोना मरीजों के इलाज में जुटे हेल्थ केयर एवं फ्रंट लाइन वर्करों को दी जाएगी। साथ ही गंभीर बीमारियों से जूझ रहे बुजुर्गों का भी टीकाकरण होगा। 

कोविड-19 टीकाकरण का ड्राई रन 2 जनवरी 2021 (शनिवार) से शुरू होगा। इस गतिविधि को कम से कम तीन सत्र स्थलों में सभी राज्य की राजधानियों में आयोजित करने का प्रस्ताव है। टीकाकरण अभियान के दौरान आने वाली व्यावहारिक दिक्कतों के आधार पर आगे की रणनीति तय करने में ड्राई रन मददगार साबित होगा। 

टीकाकरण अभियान की पूरी योजना स्वास्थ्य मंत्रालय के 20 दिसंबर 2020 को जारी निर्देशों के अनुसार होगी। प्रत्येक तीन सत्र स्थलों के लिए संबंधित चिकित्सा अधिकारी 25 हेल्थकेयर वर्कर्स की पहचान करेंगे। राज्यों से कहा गया है कि इन लाभार्थियों का डेटा को-विन में अपलोड किया जाए। 

साथ ही सत्र स्थलों में जगह की पर्याप्तता, संसाधनों की व्यवस्था, इंटरनेट कनेक्टिविटी, बिजली एवं सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए कहा गया है। स्टेट टास्क फोर्स केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के साथ प्रतिक्रियाओं की समीक्षा करेगी। बैठक में एनएचएम की एमडी वंदना गुरनानी, अपर सचिव डॉ मनोहर अगनानी, संयुक्त सचिव लव अग्रवाल एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।


संबंधित खबरें