गोवा में चल रहे भारत के 51 वें अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (16-24 जनवरी) में नेताजी सुभाष चंद्र बोस : द फॉरगॉटन हीरो फिल्म की विशेष स्क्रीनिंग हुई। नेताजी की 125वीं जयंती वर्ष के समारोह में 2005 की इस फिल्म को विशेष रूप से दिखाया जा रहा है।
निर्देशक श्याम बेनेगल ने फिल्म में राष्ट्रीय स्वतंत्रता संग्राम में नेताजी की वीरता और दृढ़ता का दिलचस्प वर्णन किया है। सुभाष चंद्र बोस ने कहा था तुम मुझे खून दो, मैं तुम्हें आजादी दूंगा। ब्रिटिश शासन के खिलाफ लड़ाई में उन्होंने देश के युवाओं को एकजुट होने और स्वतंत्रता के लिए लड़ने का आह्वान किया।
फिल्म को वर्ष 2005 के लिए राष्ट्रीय एकता पर सर्वश्रेष्ठ फीचर फिल्म के लिए राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार मिल चुका है। फिल्म में नेताजी का किरदार निभाने वाले अभिनेता सचिन खेडेकर मुख्य भूमिका में हैं।
220 मिनट की इस ऐतिहासिक फिल्म में 1941-1943 के नाजी जर्मनी, 1943-1945 के दौरान जापान के कब्जे वाले एशिया में नेताजी का जीवन और आजाद हिंद फौज के गठन की घटनाओं को दर्शाया गया है। फ्लैशबैक में उनकी जीवनी भी है।
आईएफएफआई में ‘द फॉरगॉटन हीरो’ फिल्म की स्क्रीनिंग एक खास समय में हो रही है। 23 जनवरी को भारत सरकार ने नेताजी की 125 वीं जयंती वर्ष के समारोहों का जश्न शुरू किया है। सरकार ने हर साल 23 जनवरी को नेताजी का जन्मदिन पराक्रम दिवस के रूप में मनाने का निर्णय लिया है।
विशेष स्क्रीनिंग के बारे में आईएफएफआई के निर्देशक चैतन्य प्रसाद कहते हैं कि नेताजी सबसे प्रिय राष्ट्र नायकों में एक हैं। ‘द फॉरगॉटन हीरो’ का प्रदर्शन सुभाष चंद्र बोस के अदम्य व्यक्तित्व को सम्मान देने और देश के लिए उनकी निस्वार्थ सेवा को याद करने के लिए किया गया है।