मुख्य समाचार

मुख्यमंत्री ने कहा, संतुलित है केंद्रीय बजट 

पटना। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने केंद्रीय बजट पर अपनी प्रतिक्रिया में कहा कि कोविड महामारी और राजस्व संग्रह की दिक्कतों के बावजूद केंद्र सरकार ने संतुलित बजट पेश किया है। यह स्वागत योग्य है। 

वर्ष 2021-22 के लिए 34.8 लाख करोड़ रुपये का बजट पेश किया गया है। यह 2020-21 के अनुमानित बजटीय खर्च 30.42 लाख करोड़ रूपये से अधिक है। उन्होंने कहा कि 15वें वित्त आयोग की अनुशंसा के आलोक में 41 प्रतिशत राशि राज्य सरकारों को दी जायेगी। 

स्वास्थ्य प्रक्षेत्र में 2 लाख 23 हजार करोड़ रुपये की व्यवस्था की गयी है। यह गत वर्ष से 137 प्रतिशत अधिक है। साथ ही नेशनल इंस्टीच्यूट ऑफ वर्ल्ड हेल्थ की भी स्थापना की जायेगी। केंद्र सरकार ने उज्ज्वला योजना के अंतर्गत एक करोड़ अतिरिक्त परिवारों को एलपीजी सिलेंडर देने का निर्णय लिया है। गैस पाइपलाइन से 100 नये शहर जोड़े जायेंगे। 

सीएम ने कहा कि देश में वर्ल्ड क्लास इन्फ्रास्ट्रक्चर के साथ सात मेगा टेक्सटाइल पार्क अगले तीन वर्षों में शुरू करने की योजना है। इससे लोगों को रोजगार मिलेगा। साथ ही निर्यात को भी बढ़ावा मिलेगा। विकास वित्तीय संस्थान की स्थापना के लिए अलग से कानून लाया जायेगा। 

सौर एवं नवीकरणीय ऊर्जा को बढ़ावा दिया जा रहा है। वायु प्रदूषण रोकने के लिए राशि दी जायेगी। यह पर्यावरण रक्षा की दिशा में अच्छा कदम है। प्री-पेड स्मार्ट मीटर लगाने का बिहार सरकार ने पहले ही निर्णय लिया था। केंद्र सरकार ने भी इस काम को आगे बढ़ाने का निर्णय लिया है। 

आधारभूत संरचना के विकास के लिए पूंजीगत व्यय के रूप में 5 लाख 50 हजार करोड़ रुपये खर्च करने का लक्ष्य है। 75 साल से ऊपर के पेंशनर को आयकर रिटर्न जमा करने से मुक्त किया गया है। यह अच्छा कदम है। 
 


संबंधित खबरें