पटना। सूबे में शराबबंदी अभियान को प्रभावी बनाने के लिए अगर किसी मकान एवं गोदाम से शराब जब्त की जाती है, तो मकान एवं गोदाम की नीलामी की जाएगी। चार दिन पहले पटनासिटी क्षेत्र के एक गोदाम से उत्पाद विभाग ने करीब दो करोड़ रुपये की शराब बरामद की थी। उस गोदाम की नीलामी प्रक्रिया शुरू की जा रही है।
पटना रेंज के आईजी संजय सिंह एवं प्रमंडलीय आयुक्त संजय अग्रवाल ने प्रमंडल के सभी जिलों के डीएम एवं एसपी के साथ बैठक में शराबबंदी अभियान को सख्ती से लागू करने का निर्देश दिया। जब्त शराब को आवश्यक प्रक्रिया के बाद शीघ्र नष्ट करने, अपराध नियंत्रण के लिए थानावार रात्रि गश्ती तेज करने, डीएसपी को मॉनिटरिंग का निर्देश एवं असामाजिक तत्वों पर विशेष नजर रखने का निर्देश भी दिया गया।
जमीन संबंधित विवाद मामलों के निपटारे के लिए प्रत्येक शनिवार को थाने में बैठक होगी। सीओ एवं थानाध्यक्ष दोनों पक्ष की बात सुनेंगे एवं विवादित स्थल का निरीक्षण कर मामलों का निपटारा करेंगे।