मुख्य समाचार

पेयजल के दुरुपयोग पर रोक के लिए विभागों को मिला निर्देश  

पटना। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि जल का दुरुपयोग न हो इस पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है। इससे पर्यावरण को भी नुकसान है। सभी लोगों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि पेयजल की आपूर्ति निर्धारित समय में ही करें। इससे बिजली की बचत होगी। 

जलापूर्ति संबंधी समस्याओं के समाधान के लिए कॉल सेंटर में आने वाली शिकायतों का समय पर निपटारा होना चाहिए। इसके लिए संबंधित विभाग नियमित मॉनिटरिंग करे। मुख्यमंत्री ग्रामीण एवं शहरी पेयजल योजना से संबंधित समीक्षा बैठक को संबोधित कर रहे थे। 

पंचायती राज विभाग के अपर मुख्य सचिव अमृत लाल मीणा ने जलापूर्ति योजनाओं के रख रखाव की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि वार्ड में पेयजल योजना के सुचारु संचालन के लिए अनुरक्षक की व्यवस्था की गई है। उनके लिए प्रोत्साहन राशि एवं मानदेय भुगतान की व्यवस्था की गयी है। पीएचईडी के सचिव जीतेंद्र श्रीवास्तव ने जलापूर्ति योजना के संचालन की विस्तृत जानकारी दी।

नगर विकास एवं आवास विभाग के प्रधान सचिव आनंद किशोर ने बताया कि योजना से संबंधित समस्याओं के समाधान के लिए एक समेकित कॉल सेंटर बनाया गया है। बैठक में मुख्य सचिव दीपक कुमार, प्रधान सचिव चंचल कुमार, सचिव अनुपम कुमार, ओएसडी गोपाल सिंह एवं अन्य वरीय पदाधिकारी उपस्थित थे।
 


संबंधित खबरें