मुख्य समाचार

5462 बेड का वर्ल्ड क्लास हाॅस्पिटल बनेगा पीएमसीएच   

पटना। पटना मेडिकल काॅलेज एंड हाॅस्पिटल (पीएमसीएच) की पुनर्विकास परियोजना का शिलान्यास मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने किया। 5462 बेड की विश्वस्तरीय अस्पताल परियोजना की लागत 5540 करोड़ रुपये है। यहां हेलिकॉप्टर से गंभीर मरीजों को लाने की भी सुविधा होगी। 

मुख्यमंत्री ने कहा कि पीएमसीएच का अपना विशिष्ट महत्व रहा है। इसे अब विश्वस्तर का बनाया जाएगा। परियोजना के पूरा होने का लक्ष्य सात वर्ष निर्धारित किया गया है, लेकिन मेरी इच्छा है कि यह काम पांच वर्ष में पूरा हो। निर्माण कार्य तेजी से हो। इसके लिए सरकार पूरा सहयोग देगी। 

यहां सभी बीमारियों का इलाज होगा और रिसर्च भी किए जाएंगे। पीएमसीएच में लोगों के आवागमन को बेहतर बनाने के लिए इसे गंगा पथ से जोड़ा जा रहा है। अशोक राजपथ से भी एलिवेटेड सड़क बनाकर इसे जोड़ा जाएगा। इसका निर्माण तीन चरणों में होगा। निर्माण के दौरान पीएमसीएच का काम प्रभावित नहीं होगा। यहां चिकित्सक, कर्मचारी एवं छात्र-छात्राओं के रहने के लिए बेहतर आवास की भी व्यस्था होगी।

सीएम ने कहा कि एनएमसीएच (पटना), एसकेएमसीएच (मुजफ्फरपुर) और एएनएमसीएच (गया) अस्पतालों में भी बेड की संख्या बढ़ाने का निर्णय लिया गया है। सरकार की कोशिश है कि किसी को भी इलाज के लिए बिहार से बाहर जाना नहीं पड़े। 

कार्यक्रम को केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद, डिप्टी सीएम तारकिशोर प्रसाद, स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय, स्वास्थ्य विभाग के प्रधान सचिव प्रत्यय अमृत एवं पीएमसीएच के प्राचार्य विद्यापति चौधरी ने भी संबोधित किया।
 


संबंधित खबरें