मुख्य समाचार

वक्ताओं ने कहा, बजट में हर पहलुओं का समावेश 

पटना। भारत सरकार के प्रेस इनफॉरमेशन ब्यूरो (पीआईबी),पटना ने केंद्रीय बजट 2021-22 विषय पर एक वेबिनार का आयोजन किया। वेबिनार की अध्यक्षता करते हुए पीआईबी के अपर महानिदेशक एस.के. मालवीय ने कहा कि वर्ष 2020 की तमाम चुनौतियों के बीच यह एक ऐतिहासिक बजट है। एमएसएमई, स्वास्थ्य एवं शिक्षा क्षेत्र पर विशेष ध्यान दिया गया है।

पीआईबी के निदेशक दिनेश कुमार ने कहा कि बजट देश की अर्थव्यवस्था से जुड़े सभी पहलुओं को छूता है। बजट कई मायनों में नई दिशा को इंगित करता है। पहली बार बजट को डिजिटल रूप में पेश किया गया है।

नई दिल्ली से वेबिनार में जुड़े सीए रितेश आनंद ने कहा कि टैक्स होलीडे 31 मार्च 2022 तक बढ़ाने से स्टार्टअप में लोगों को फायदा मिलेगा। छोटी कंपनियों की परिभाषा में बदलाव से बिजनेस वर्ग को लाभ मिलेगा। कॉटन और सिल्क पर कस्टम ड्यूटी बढ़ाने से देश के एमएसएमई सेक्टर को मजबूती मिलेगी। साथ ही आत्मनिर्भर भारत की संकल्पना को बल मिलेगा। उन्होंने यह भी कहा कि बजट में बिहार को स्पेशल बेनिफिट मिलना चाहिए था।

बिहार चैंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष पी.के.अग्रवाल ने कहा कि 2021-22 के बजट में आधारभूत संरचना, स्वास्थ्य एवं शिक्षा पर अधिक फोकस किया गया है। यह स्वागत योग्य बजट है। बिहार उद्योग संघ  के अध्यक्ष रामलाल खेतान ने कहा कि बजट स्वागत योग्य है, लेकिन बिहार को कुछ स्पेशल पैकेज मिलना चाहिए था। बिहार एक पिछड़ा राज्य है। इसे आगे ले जाने की जिम्मेदारी राज्य के साथ केंद्र सरकार की भी है। 

वरिष्ठ संपादक ओमकारेश्वर पांडे ने कहा कि असाधारण परिस्थितियों में आए इस बजट को एक अलग बजट के रूप में नहीं देखना चाहिए। इसे सरकार के पूर्व बजट के विस्तार के रूप में देखा जाना चाहिए। बजट में मध्यमवर्ग के लिए कुछ खास प्रावधान नहीं किए गए हैं, लेकिन बजट में प्रयासों की दिशा सही है। 

पीआईबी के सहायक निदेशक संजय कुमार ने कहा कि बजट आम और खास सभी को प्रभावित करता है। सरकार बजट के जरिये व्यक्ति, परिवार और समाज को बेहतर जीवन और विकसित माहौल देने की कोशिश करती है। इस लिहाज से सरकार के लिए भी बजट बहुत अहम् होता है। बजट देश के विकास की नब्ज को टटोलती है और विकासगाथा लिखती है।

वेबिनार में छपरा के क्षेत्रीय प्रचार अधिकारी पवन कुमार सिन्हा, निदेशक विजय कुमार एवं अखिल कुमार मिश्रा समेत सभी अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद थे। 
 


संबंधित खबरें