पटना। पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमत पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने चिंता व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि अभी पेट्रोल-डीजल का दाम बढ़ा हुआ है। सबकी इच्छा है कि पेट्रोल-डीजल की कीमत कम हो। उन्होंने इलेक्ट्रिक वाहनों के उपयोग पर जोर देते हुए कहा कि यह पर्यावरण के ख्याल से भी सही है। डीजल-पेट्रोल के वाहनों से पर्यावरण पर असर पड़ता है।
ईंधन की बढ़ती कीमतों पर पत्रकारों के सवाल पर मुख्यमंत्री ने ये बातें कहीं। वे पूर्व मुख्य सूचना आयुक्त एके सिन्हा के आवास पर आयोजित सरस्वती पूजा समारोह में शामिल होने गए थे। उन्होंने मां सरस्वती की पूजा की एवं वसंत पंचमी पर प्रदेश और देशवासियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दी। उनके साथ शिक्षा मंत्री विजय कुमार चौधरी भी थे।
पटना में 16 फरवरी को पेट्रोल एवं डीजल की कीमत क्रमशः 91.67 एवं 84.92 रुपये प्रति लीटर है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमत में एक माह से लगातार वृद्धि हो रही है। ऐसी स्थिति में केंद्र और राज्य सरकारों को टैक्स में कटौती कर जनता को राहत देनी की कोशिश होनी चाहिए। कुछ राज्यों ने इस दिशा में पहल शुरू कर दी है।