पटना। बिहार में बागवानी फसलों के विकास एवं उत्पादों के प्रसंस्करण को बढ़ावा देने के लिए कृषि विभाग तीन दिवसीय उद्यान महोत्सव का आयोजन कर रहा है। देशरत्न मार्ग स्थित उद्यान में 26 से 28 फरवरी, 2021 तक महोत्सव के साथ प्रतियोगिता भी होगी। महोत्सव में राज्य के दोनों कृषि विश्वविद्यालय तकनीकी सहयोग करेंगे।
देश के सभी राज्यों के उद्यान निदेशालयों के साथ बागवानी विकास एवं अनुसंधान से संबंधित राष्ट्रीय संस्थानों को भी आमंत्रित किया गया है। महोत्सव में शामिल होने के इच्छुक लोगों को अपने उत्पादों का ऑनलाइन पंजीकरण विभाग की वेबसाइट horticulture. bihar. gov.in पर 24 फरवरी तक करना होगा। सफल प्रतिभागियों को प्रमाणपत्र के साथ राशि दी जाएगी। प्रथम पुरस्कार की राशि पांच हजार, दूसरे की चार हजार एवं तृतीय परस्कार की राशि तीन हजार खाते में सीएफएमएस के माध्यम से दी जाएगी।
पहली बार उद्यान महोत्सव में फल, फूल, सब्जी एवं अन्य उद्यानिक उत्पादों के उत्कृष्ट उत्पादन में प्रतिस्पर्धा को बढ़ाने के लिए 17 वर्ग का चयन किया गया है। सामान्य एवं पाॅली हाउस में उत्पादित सब्जी, यूरोपियन सब्जी, मशरूम, मखाना, फल, विशिष्ट फल, फल संरक्षण (घर की बनी), शहद, पान, सदाबहार पत्ती वाले फूल एवं गमलों में पौधे, जाड़े के मौसमी फूल के पौधे, कटे फूल, कलात्मक पुष्प सज्जा, गमलों के कलात्मक समूह एवं छत पर बागवानी संबंधित सैंपल आमंत्रित किये गये हैं।