मुख्य समाचार

एफएम ग्रीन रेडियो अब सुनिए कहीं से, कभी भी

भागलपुर। बिहार कृषि विश्वविद्यालय, सबौर से संचालित एफएम ग्रीन रेडियो अब दुनिया के किसी कोने से लाइव सुना जा सकता है। किसान मेले में कृषि मंत्री अमरेंद्र प्रताप सिंह ने इस सेवा को किसानों को समर्पित किया। यह एप्प गूगल प्ले और एप्पल आईओएस स्टोर पर एफएम ग्रीन बीएयू सबौर टाइप करने से उपलब्ध होगा। 

खास बात यह है कि लाइव के अलावा इसमें अपनी मर्जी से भी कार्यक्रम सुन सकते हैं। पॉडकास्ट पर कृषि, लोकगीत, स्वास्थ और अन्य कार्यक्रमों को भी सुन सकते हैं। इसमें वीडियो पॉडकास्ट के जरिये कुछ कार्यक्रमों का वीडियो भी देख सकते हैं। 

ऑनलाइन वेब रेडियो के तौर पर यह सेवा विश्वविद्यालय के ऑफिसियल वेबसाइट bausabour.ac.in पर भी उपलब्ध है। एफएम ग्रीन मोबाइल एप्प से कोई श्रोता अपना फीडबैक लिखकर या बोलकर भी दे सकते हैं। उनकी आवाज को प्रसारित भी किया जाएगा। 

अब यह यूनिवर्सल रेडियो सेवा रेडियो गार्डेन पर भी उपलब्ध है। इसके जरिये दुनिया भर के लोग मोबाइल के जरिये दुनिया के नक्शे पर लोकेशन पिन कर कार्यक्रम को सुनते हैं। दुनिया भर के लगभग आठ हजार से अधिक रेडियो स्टेशन रेडियो गार्डन पर उपलब्ध हैं। 

विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ आर के सोहने का कहना है कि विश्वविद्यालय का सामुदायिक रेडियो एफएम ग्रीन अब भागलपुर के अलावा दुनिया भर के लोगों को और खास कर बिहार के किसानों को लाभान्वित करेगा। 

गौरतलब है कि बिहार कृषि विश्वविद्यालय, सबौर से सामुदायिक रेडियो प्रसारण की शुरुआत 2019 में की गई थी, लेकिन भारत सरकार के तय मानदंड के मुताबिक 50 वाट के ट्रांसमीटर से कार्यक्रम प्रसारित किया जाता है। इससे भागलपुर और समीप के 20-25 किलोमीटर तक ही कार्यक्रम पहुंच पता है। 

सामुदायिक रेडियो स्टेशन के प्रभारी ईश्वर चंद्र ने बताया कि श्रोताओं की ओर से इसकी मांग काफी समय से की जा रही थी। सोशल मीडिया के मध्यम से पूरे बिहार के कृषक यहां से प्रसारित कार्यक्रम को सुनना चाहते थे। अब उनकी मांग पूरी हो गयी है।
 


संबंधित खबरें