मुख्य समाचार

उद्योगों के प्रोत्साहन के लिए राज्य सरकार प्रतिबद्ध : मंत्री  

नई दिल्ली। बिहार के उद्योग मंत्री सैयद शाहनवाज हुसैन ने कहा कि राज्य सरकार उद्योगों के प्रोत्साहन के लिए प्रतिबद्ध है। आत्मनिर्भर बिहार आत्मनिर्भर भारत का अभिन्न अंग है। वे बाबा खड़ग सिंह मार्ग स्थित अम्बापाली बिहार इम्पोरियम में बिहार के हैंडिक्राफ्ट एवं हैंडलूम पर आयोजित प्रदर्शनी का निरीक्षण कर रहे थे। उनके साथ सांसद रमा देवी, दिलेश्वर कामत, मनोज तिवारी एवं रामप्रीत मंडल, विधान परिषद सदस्य संजय मयूख, स्थानिक आयुक्त पलका साहनी एवं अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे। 

उद्योग मंत्री ने कहा कि अम्बापाली बिहार इम्पोरियम देश की राजधानी में बिहार के हैंडिक्राफ्ट एवं हैंडलूम का प्रमुख बिक्री केंद्र है। यहां बिहार के कुशल कारीगर, बुनकर एवं कलाकार निर्मित सामान रेशम की साड़ी, मधुबनी पेंटिग, खादी वस्त्र, स्टोन एवं वुडेन क्राफ्ट उपलब्ध हैं। आज हजारों बुनकर एवं कारीगरों को रोजगार मिल रहा है। 

बिहार के कारीगर एवं बुनकर निर्मित सामान की बिक्री को बढ़ावा देने के लिए के लिए ऑनलाइन मार्केटिंग की सुविधा उपलब्ध करायी जाएगी। इसके लिए अमेजन से टाईअप किया जा रहा है। कारीगरों को अमेजन कारीगर प्रोग्राम से जोड़ा जाएगा। हर बुनकर को दस हजार रुपए कार्यशील पूंजी दी जा रही है। 

उद्योग मंत्री ने कहा कि बिहार प्रगति के पथ पर अग्रसर है। उद्यमिता को बढ़ावा देने के लिए सात निश्चय-2 के तहत कई प्रावधान किए गए हैं। रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए विभिन्न योजनाओं का क्रियान्वयन किया जा रहा है। 
 


संबंधित खबरें