वनबंधु परिषद (पटना चैप्टर) के बारहवें वार्षिकोत्सव का आयोजन 14 मार्च को बापू सभागार, पटना में होगा। इस अवसर पर लोकप्रिय कवि डॉ कुमार विश्वास अपने कविता पाठ से पटना वासियों का मनोरंजन करेंगे।
वनबंधु परिषद अपने एकल अभियान से बिहार के सुदूर क्षेत्र में 5700 एवं देश में एक लाख से अधिक एकल विद्यालयों का संचालन करता है। एक स्कूल में लगभग 30 बच्चों पर उसी गांव के एक शिक्षित युवक या युवती को शिक्षक के रूप में नियुक्त किया जाता है। बच्चों को हिंदी, अंग्रेजी, गणित एवं नैतिकता की शिक्षा दी जाती है।
सभी विद्यालय बिना किसी सरकारी सहयोग के संचालित होते हैं। अभियान के तहत शिक्षा से वंचित बच्चों को शिक्षित करने, ग्रामीणों के जीवन स्तर को ऊंचा उठाने एवं भारतीय अध्यात्म एवं संस्कृति से परिचित कराने का कार्य किया जाता है। साथ ही स्वच्छ भारत अभियान के तहत साफ रहने एवं सामान्य बीमारियों के प्राथमिक उपचार की भी जानकारी दी जाती है।
बिहार वनबंधु परिषद के कार्यकारी अध्यक्ष विजय किशोरपुरिया ने बताया कि वार्षिकोत्सव में पटना के गणमान्य लोग, बुद्धिजीवी, व्यवसायी एवं उद्योगपतियों को भी आमंत्रित किया गया है। कार्यक्रम में शामिल होने के लिए मास्क अनिवार्य होगा एवं प्रवेश निःशुल्क है।
वनबंधु परिषद की बैठक में अध्यक्ष राधेश्याम बंसल, सचिव संजय भरतिया, कार्यक्रम संयोजक अनिल रिटोलिया, रमेश गुप्ता, गोपाल मोदी एवं एमपी जैन उपस्थित थे।