पटना। बाल ह्रदय योजना के तहत 21 बच्चों कोे इलाज के लिए विमान से अहमदाबाद भेजा गया। बच्चों के साथ उनके अभिभावक भी हैं। सभी बच्चों का इलाज अहमदाबाद के प्रशांति मेडिकल सर्विसेज एंड रिसर्च फाउंडेशन में होगा। ह्रदय रोग से पीड़ित बच्चों के इलाज के लिए राज्य सरकार की बाल ह्रदय योजना का शुभारंभ मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने किया।
समारोह के बाद मुख्यमंत्री ने बताया कि सात निश्चय-2 के अंतर्गत ह्रदय में छेद के साथ जन्मे बच्चों के निःशुल्क उपचार के लिए बाल ह्रदय योजना को कैबिनेट से मंजूरी दी गई है। इन बच्चों के इलाज के लिए एक अप्रैल, 2021 से बाल ह्रदय योजना की शुरुआत की गई। पटना स्थित इंदिरा गांधी हृदय रोग संस्थान एवं इंदिरा गांधी आयुर्विज्ञान संस्थान में जांच के बाद इलाज किया जायेगा।
अहमदाबाद के जिस निजी अस्पताल में बच्चों का निःशुल्क इलाज कराया जाना है, वहां के डाॅक्टर एवं स्वास्थ्यकर्मी ने यहां आकर बच्चों की जांच की। संस्थान के साथ निःशुल्क इलाज के लिए एग्रीमेंट हुआ है। देश के कई राज्य इस अस्पताल के साथ एग्रीमेंट कर बाल हृदय रोगियों की निःशुल्क चिकित्सा कराते हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ह्रदय रोग से ग्रस्त बच्चों के इलाज की पूरी व्यवस्था करेगी। इसमें अहमदाबाद आने-जाने का खर्च भी शामिल है। राज्य सरकार भी अपने यहां बाल ह्रदय रोगियों के निःशुल्क इलाज की व्यवस्था कर रही है। इस अवसर पर संबंधित विभागों के मंत्री, प्रधान सचिव एवं जिला प्रशासन के अधिकारी मौजूद थे।