पटना। बिहार में कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामले को देखते हुए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सार्वजनिक आयोजनों को कुछ दिनों के लिए स्थगित रखने का निर्देश दिया है। साथ ही क्राइसिस मैनेजमेंट ग्रुप को स्कूलों को बंद करने पर शीघ्र निर्णय लेने के लिए कहा है। उन्होंने कोविड-19 के लिए अस्पतालों में पूरी तैयारी रखने एवं अधिक से अधिक लोगों का टीकाकरण कराने का निर्देश दिया।
मुख्यमंत्री कोविड-19 से संबंधित उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने लोगों से कोरोना गाइडलाइन का सख्ती से पालन करने की अपील की। मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार में कोरोना संक्रमण के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। इसको ध्यान में रखते हुए राज्य में अधिक से अधिक जांच कराएं। जितनी अधिक जांच होगी, संक्रमण के मामलों की अधिक जानकारी मिलेगी। कोरोना से लोगों को नुकसान नहीं पहुंचे। इसके लिए सभी को सचेत रहना होगा।
स्वास्थ्य विभाग के प्रधान सचिव प्रत्यय अमृत ने राज्य में कोरोना संक्रमण की अद्यतन स्थिति की जानकारी दी। प्रेजेंटेशन के जरिए कोरोना के एक्टिव केस, डेथ एवं रिकवरी रेट, डे-टू-डे ट्रेंड, टेस्टिंग, टीकाकरण एवं अस्पतालों में कोविड को लेकर की जा रही व्यवस्था के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई।
बैठक में मुख्य सचिव अरुण कुमार सिंह, डीजीपी एसके सिंघल, विकास आयुक्त आमिर सुबहानी, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार एवं चंचल कुमार, गृह विभाग के सचिव जीतेंद्र श्रीवास्तव, मुख्यमंत्री के सचिव अनुपम कुमार, गृह विभाग के विशेष सचिव विकास वैभव एवं ओएसडी गोपाल सिंह मौजूद थे।