मुख्य समाचार

बिहार के लिए बढ़ेगा रेमडेसिविर इंजेक्शन का कोटा 

पटना। रसायन व उर्वरक मंत्रालय के मंत्री मनसुख भाई मांडविया ने आश्वस्त किया है कि रेमडेसिविर इंजेक्शन का कोटा बिहार के लिए बढ़ाया जायेगा। सांसद सुशील कुमार मोदी ने केंद्रीय मंत्री से सोमवार को रेमडेसिविर की आपूर्ति के लिए टेलीफोन पर बातचीत की। मोदी ने उन्हें बताया कि शनिवार को बिहार को जहां रेमडेसिविर को मात्र 400 वायल की आपूर्ति की गई थी, वहीं रविवार को आपूर्ति शून्य रही। बातचीत के बाद सोमवार की देर रात बिहार को दो हजार वायल की आपूर्ति की संभावना है। 

पूर्व डिप्टी सीएम ने बताया कि रेमडेसिविर की किल्लत एवं मनमानी कीमत पर नियंत्रण के लिए हाल ही में केंद्र सरकार ने जहां इसके निर्यात पर रोक लगा दी है, वहीं इसके मूल्य में भी भारी कटौती करते हुए सस्ती कीमत पर उपलब्ध कराने का निर्णय लिया है। 

पहले दौर के कोरोना संक्रमण के थमने के बाद फार्मा कंपनियों ने रेमडेसिविर इंजेक्शन का उत्पादन घटा कर करीब दस प्रतिशत कर दिया था। इसकी वजह से जब दूसरे दौर का संक्रमण काफी तेजी से बढ़ा, तो बिहार सहित देश के अन्य हिस्सों में इस इंजेक्शन की किल्लत हो गई तथा दवा कंपनियां इसकी मनमानी कीमत वसूलने लगी थी। 

केंद्रीय मंत्री ने बताया कि केंद्र की पहल के बाद फिलहाल प्रतिदिन 1.5 लाख वायल का उत्पादन हो रहा है, जिसे अगले दस दिनों के अंदर बढ़ा कर तीन लाख वायल प्रतिदिन कर दिया जायेगा। मोदी ने डाॅक्टरों से अपील की है कि वे कोविड के गंभीर मरीजों के लिए ही रेमडेसिविर इंजेक्शन की अनुशंसा करें।
 


संबंधित खबरें