मुख्य समाचार

बिहार को प्रतिदिन मिलेगी 194 मीट्रिक टन ऑक्सीजन  

पटना। बिहार के लिए प्रतिदिन 194 मीट्रिक टन ऑक्सीजन आपूर्ति का कोटा निर्धारित किया गया है। एक-दो दिनों में बिहार के लिए निर्धारित रेमडेसिविर के 24,500 वाॅयल की पांच कंपनियों की ओर से आपूर्ति भी शुरू हो जाएगी।

बिहार के पूर्व डिप्टी सीएम एवं सांसद सुशील कुमार मोदी ने कहा है कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के प्रयास एवं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हस्तक्षेप के बाद यह संभव हो सका है। उन्होंने बताया कि निर्धारित कोटा के तहत झारखंड के बोकारो से 70 और जमशेदपुर से 50 मीट्रिक टन, पश्चिम बंगाल के दुर्गापुर और बर्नपुर से 40 मीट्रिक टन तथा बिहार के अपने संसाधनों से 34 मीट्रिक टन प्रतिदिन मेडिकल ऑक्सीजन की आपूर्ति होगी। 

इसके साथ ही भारत सरकार ने देश के जिन 19 राज्यों के लिए 6722 मीट्रिक टन ऑक्सीजन का आवंटन किया है, उसमें अब बिहार को भी शामिल कर लिया गया है। बिहार के लिए रेमडेसिविर की निर्धारित 24,500 वाॅयल की आपूर्ति पांच कंपनियां कर रहीं हैं। कैडिला (14 हजार वायल), हैटीरो (6.5 हजार), मिलोन (एक हजार), सिप्ला ( दो हजार) तथा जुबिलेंट ( एक हजार) की ओर से अगले एक-दिनों में आपूर्ति शुरू हो जाएगी।

राज्यसभा सांसद को इन कंपनियों के प्रबंधन ने टेलीफोन पर बातचीत के दौरान भरोसा दिया। दरअसल पूरे देश में ऑक्सीजन के साथ परिवहन के लिए टैंकर की कमी की वजह से कई हिस्सों में कमी पैदा हुई है। राज्य एवं केंद्र सरकार टैंकर की कमी को दूर कर रही हैं। 
 


संबंधित खबरें