मुख्य समाचार

विशेषज्ञों के अनुसार कोरोना के केस अभी और बढ़ेंगे 

पटना। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि कोरोना संक्रमण के मामले प्रतिदिन तेजी से बढ़ रहे हैं। विशेषज्ञों के अनुसार इसके अभी और बढ़ने की संभावना है। उन्होंने आईजीआईएमएस, सभी सरकारी एवं निजी अस्पतालों में कोविड बेड की संख्या बढ़ाने का निर्देश दिया। मुख्यमंत्री वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से कोविड-19 से संबंधित उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक को संबोधित कर रहे थे। 

उन्होंने अधिकारियों से कहा कि कोरोना के बढ़ते मामले को लेकर हर पहलू पर गंभीरतापूर्वक विचार करें और परिस्थिति के अनुसार जरूरी कदम उठाएं। कोरोना जांच की संख्या बढ़ाने के साथ जांच की रिपोर्ट शीघ्र उपलब्ध कराएं। इससे संक्रमितों का समय पर इलाज हो सकेगा। अन्य राज्यों में चुनाव के लिए जो भी पुलिस बल बाहर गई है, वापस लौटने पर सभी की जांच करवाएं। पुलिस बल की नियमित जांच करवाते रहें। 

उन्होंने कहा कि आयुष, यूनानी, दंत एवं सेवानिवृत्त चिकित्सकों की भी इस महामारी से निबटने में सहयोग लें। साथ ही अन्य चिकित्सा कार्य से भी जुड़े लोगों की ट्रेनिंग कराकर उनका सहयोग लें। कोरोना जांच में कुछ लोगों की आरटीपीसीआर रिपोर्ट निगेटिव आ रही है, लेकिन उनमें कोरोना संक्रमण के लक्षण देखे जा रहे हैं। ऐसे मरीजों के इलाज की व्यवस्था अस्पतालों में कराएं। टीकाकरण कार्य में भी तेजी लाने का निर्देश दिया। 

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकारी या निजी अस्पतालों में ऑक्सीजन आपूर्ति की जो भी जरूरत है , उसको पूरा करने के लिए हर जरूरी कदम उठाएं। हर हाल में ऑक्सीजन की आपूर्ति करनी है। जितनी ऑक्सीजन आपूर्ति का अलॉटमेंट केंद्र सरकार ने किया है। उसके अलावा अगर और ऑक्सीजन की आवश्यकता है, तो राज्य सरकार अपने खर्च पर उपलब्ध करायेगी। दवा के साथ ऑक्सीजन की उपलब्धता पर्याप्त रहें ताकि मरीजों को किसी प्रकार की कोई समस्या नहीं हो। 

मुख्यमंत्री ने संचार के अन्य माध्यम एवं माइकिंग से गांव-गांव तक कोरोना संक्रमण के प्रति लोगों को सतर्क करने के लिए निरंतर अभियान चलाने का निर्देश दिया। स्वास्थ्य विभाग के प्रधान सचिव प्रत्यय अमृत ने राज्य में कोविड-19 की अद्यतन स्थिति एवं बचाव के लिए किए जा रहे उपायों की जानकारी दी। 

बैठक में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए डिप्टी सीएम तारकिशोर प्रसाद एवं रेणु देवी, स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय, डीजीपी, विकास आयुक्त एवं सबंधित विभागों के प्रमुख मौजूद थे। 
 


संबंधित खबरें