पटना। नवीन वर्मा बिहार रेरा (रियल एस्टेट रेगुलेटरी अथाॅरिटी) के नए अध्यक्ष होंगे। वर्तमान अध्यक्ष अफजल अमानुल्लाह का कार्यकाल 13 मई, 2021 को समाप्त हो रहा है। कोलकाता निवासी नुपूर बनर्जी को रेरा का सदस्य नियुक्त किया गया है।
अध्यक्ष का कार्यकाल योगदान की तिथि से पांच वर्ष या 65 वर्ष की उम्र (दोनों में जो पहले हो) के लिए है। नगर विकास एवं आवास विभाग ने दोनों पदों पर नियुक्ति के लिए 26 मार्च, 2021 को विज्ञापन जारी किया था।
बिहार रेरा की स्थापना भारत सरकार के रियल एस्टेट एक्ट 2016 एवं बिहार रियल एस्टेट एक्ट 2017 के तहत की गई है। रेरा की स्थापना का मकसद घर एवं फ्लैट खरीदारों को उनका वास्तविक हक दिलाना है। खरीदारों को समय पर फ्लैट एवं निर्धारित सुविधाओं को दिलाने में रेरा मददगार साबित हो रहा है। हाल के दिनों में रेरा ने बिना निबंधन के कई डेवलपरों पर कार्रवाई की है। इन्होंने घर खरीदारों को आकर्षित करने वाले विज्ञापन जारी किए थे।