मुख्य समाचार

ऑक्सीजन जेनरेशन कैपेसिटी बढ़ाने का सीएम ने दिया निर्देश

पटना। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कोरोना मरीजों की बढ़ती संख्या को देखते हुए ऑक्सीजन जेनरेशन कैपेसिटी बढ़ाने का निर्देश दिया है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य एवं उद्योग विभाग एक उच्चस्तरीय कमिटी बनाकर कार्य करे। इससे हर निर्णय पर तेजी से काम होगा। ऑक्सीजन जेनरेशन के लिए रिफिलिंग एवं बॉटलिंग प्लांट और टैंकर की व्यवस्था के लिए जरूरी कदम उठाने का उन्होंने निर्देश दिया। इसके लिए सरकार राशि उपलब्ध कराएगी। मुख्यमंत्री ऑक्सीजन की उपलब्धता और आपूर्ति को लेकर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक को संबोधित कर रहे थे।  

सीएम ने कहा कि सरकारी मेडिकल अस्पतालों में बेडों की संख्या और बढ़ाएं। चिकित्सकों को इस बात के लिए प्रेरित करें कि कोरोना मरीजों के इलाज में कोई कमी न रहे । अनुमंडल स्तर के अस्पतालों में भी स्वास्थ्य सेवाओं पर नजर रखें। मरीजों को दवा और ऑक्सीजन हर हाल में उपलब्ध कराना है। 

उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग एवं डीएम कोविड प्राइवेट अस्पतालों में मरीजों से स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी लें। अस्पतालों में मरीजों के एडमिशन, डिस्चार्ज, डेथ रिपोर्ट, ऑक्सीजन सप्लाई, डॉक्टर एवं नर्स की उपलब्धता की भी जानकारी लें। सीएम ने रेमडेसिविर और ऑक्सीजन सिलिंडर की कालाबाजारी एवं मरीजों से मनमाना चार्ज वसूलने वाले प्राइवेट एंबुलेंस पर कड़ी कार्रवाई का निर्देश दिया। 

उद्योग विभाग के अपर मुख्य सचिव ब्रजेश मेहरोत्रा ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से ऑक्सीजन की उपलब्धता और आपूर्ति से संबंधित कार्य योजना पर प्रेजेंटेशन दिया। पटना जिला के डीडीसी ने जिले के अस्पतालों में ऑक्सीजन की डिमांड और सप्लाई से संबंधित विस्तृत जानकारी दी।

बैठक में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से डिप्टी सीएम तारकिशोर प्रसाद एवं रेणु देवी, स्वास्थ्य एवं उद्योग मंत्री, मुख्य सचिव, विकास आयुक्त, प्रधान सचिव प्रत्यय अमृत एवं सचिव अनुपम कुमार एवं अन्य अधिकारी जुड़े हुए थे।


संबंधित खबरें