पटना। कोरोना संक्रमण में कमी को देखते हुए राज्य सरकार ने लाॅकडाउन खत्म कर दिया है। आपदा प्रबंधन समूह की बैठक में निर्णय लिया गया कि सूबे की सभी दुकानों का संचालन समय अब शाम पांच बजे तक होगा, लेकिन दुकानें एक दिन के अंतराल पर खुलेंगी। पचास प्रतिशत क्षमता के साथ सरकारी एवं निजी कार्यालयों का समय अपराह्न चार बजे तक होगा।
शाम सात बजे से सुबह पांच बजे तक राज्य में कर्फ्यू रहेगा। आपदा प्रबंधन समूह की बैठक आठ जून को मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में हुई। बैठक में चर्चा हुई कि पूर्ण प्रतिबंधों के कारण कोरोना संक्रमण को नियंत्रित करने में सफलता मिली है, लेकिन वर्तमान परिस्थिति में प्रतिबंध को पूरी तरह हटाना घातक हो सकता है। इस कारण प्रतिबंधों को चरणबद्ध तरीके से हटाया जाएगा।
कोरोना संक्रमण के प्रसार को रोकने के लिए राज्य में पांच मई से लाॅकडाउन था। 35 दिन में लाॅकडाउन का सकारात्मक प्रभाव पड़ा है। एक समय एक्टिव केस की संख्या एक लाख से अधिक थी। अब यह घटकर 8 हजार के करीब आ गई है।
आपदा प्रबंधन समूह की बैठक में लिए गए अन्य निर्णय
1. सभी सरकारी एवं निजी ऑफिस 50 प्रतिशत उपस्थिति के साथ अपराह्न चार बजे तक खुलेंगे। सरकारी ऑफिस में विजिटर्स के प्रवेश पर प्रतिबंध रहेगा।
2. होटल का संचालन गेस्ट के लिए इन रूम डायनिंग के साथ मान्य होगा।
3. सार्वजनिक परिवहन में 50 प्रतिशत क्षमता के साथ बैठने की अनुमति रहेगी।
4. रेस्टोरेंट एवं खाने की दुकानें बंद रहेंगी। इनका संचालन केवल होम डिलीवरी के लिए सुबह 9 बजे से रात 9 बजे तक होगा। एनएच पर स्थित ढाबे टेक होम के आधार पर कार्य करेंगे।
5. सभी सिनेमा हाॅल, शाॅपिंग माॅल, क्लब, स्विमिंग पूल, स्टेडियम, जिम, पार्क एवं उद्यान बंद रहेंगे।
6. सभी शिक्षण संस्थान एवं धार्मिक स्थल बंद रहेंगे। शिक्षण संस्थानों में ऑनलाइन पढ़ाई की व्यवस्था रहेगी।
7. विवाह समारोह, अंतिम संस्कार एवं श्राद्ध में अधिकतम 20 लोगों की सीमा रहेगी। विवाह समारोह में डीजे के उपयोग पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा। विवाह की सूचना स्थानीय थाने को तीन दिन पहले देनी होगी।
8. सभी तरह के आयोजन पर प्रतिबंध रहेगा।
9. नाइट कर्फ्यू के दौरान विशेष परिस्थिति में कुछ वाहनों के परिचालन में छूट दी गई है।
10. सार्वजनिक एवं निजी वाहनों में सभी के लिए मास्क पहनना अनिवार्य होगा।