नई दिल्ली। सभी खरीफ फसलों के न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) में वृद्धि की गई है। यह वृद्धि सीजन 2021-22 के लिए है। एमएसपी वृद्धि की स्वीकृति प्रधानमंत्री की अध्यक्षता में आर्थिक मामलों की मंत्रिमंडलीय समिति (सीसीईए) ने दी है।
2021-22 के लिए सामान्य धान का एमएसपी 1940 रुपए जबकि ग्रेड ए धान का एमएसपी 1960 रुपए प्रति क्विंटल तय किया गया है। 2020-21 में सामान्य धान का एमएसपी 1868 रुपए और ग्रेड ए धान का एमएसपी 1888 रुपए प्रति क्विंटल था। पिछल वर्ष की तुलना में इस वर्ष मूल्य में 72 रुपए की वृद्धि की गई है।
मक्का का एमएसपी 1870 रुपए प्रति क्विंटल रखा गया है। यह मूल्य पिछले साल से 20 रुपए अधिक है। सरकार ने दलहन फसलों के एमएसपी में भी अच्छी वृद्धि की है। अरहर (तुअर) एवं उड़द के मूल्यों में पिछले साल की तुलना में 300 रुपए का इजाफा किया है। दोनों दाल का एमएसपी इस वर्ष के लिए 6300 रुपए प्रति क्विंटल होगा। इसी तरह मूंग का एमएसपी 79 रुपए बढ़ाते हुए 7275 रुपए रखा गया है।
पिछले साल की तुलना में इस वर्ष सबसे अधिक तिल के एमएसपी में 452 रुपये प्रति क्विंटल और उसके बाद अरहर एवं उड़द के एमएसपी में 300 रुपये प्रति क्विंटल वृद्धि की गई है। केंद्र सरकार किसानों को उनकी उपज पर एक निश्चित लाभकारी मूल्य दिलाने के लिए प्रति वर्ष न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) की घोषणा करती है।