मुख्य समाचार

जल-जीवन-हरियाली अभियान पर खर्च होगी बड़ी राशि

पटना। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि जल-जीवन-हरियाली अभियान पर 24 हजार करोड़ रुपए से अधिक खर्च का प्रावधान किया गया है। यह बिहार जैसे राज्य के लिए बड़ी बात है। बिहार के जल-जीवन-हरियाली अभियान की विश्व स्तर पर प्रशंसा हो रही है। 

जल-जीवन-हरियाली अभियान की समीक्षा बैठक में उन्होंने कहा कि बिल गेट्स जब पटना आए थे, उस समय उनसे अभियान को लेकर चर्चा हुई थी। यहां से जाने के बाद उन्होंने अभियान की प्रशंसा की थी। यूएनओ में भी बिहार के जल-जीवन-हरियाली अभियान की सराहना हुई है। लोगों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करना है। 

मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों को जैविक एवं मौसम के अनुकूल खेती के लिए प्रेरित करें। फसल अवशेष को लेकर किसानों को जागरूक करें। उन्हें बताएं कि फसल अवशेष नहीं जलाएं। राज्य के बंटवारे के बाद बिहार का हरित आवरण नौ प्रतिशत रह गया था। वर्ष 2012 में हरियाली मिशन की स्थापना की गई और 24 करोड़ पौधे लगाने का लक्ष्य रखा गया। इसमें लगभग 22 करोड़ पौधे लगाए गए।

अब राज्य का हरित आवरण 15 प्रतिशत से अधिक हो चुका है। राज्य सरकार ने इसे 17 प्रतिशत से अधिक करने का लक्ष्य रखा है। इसके लिए तेजी से पौधारोपण किया जा रहा है। 5 जून, 2021 को पांच करोड़ पौधा लगाने के लक्ष्य की शुरुआत की गई है। उन्होंने पौधारोपण के बाद रखरखाव पर भी विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया।


संबंधित खबरें