मुख्य समाचार

उद्यमी योजनाओं से स्वरोजगार को मिलेगा बढ़ावा  

पटना। मुख्यमंत्री महिला उद्यमी एवं मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजनाओं का शुभारंभ मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए किया। साथ ही उद्योग विभाग के नए पोर्टल www.udyami.bihar.gov.in का भी लोकार्पण किया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि दोनों योजनाओं से उद्यमिता विकास एवं स्वरोजगार को और बढ़ावा मिलेगा। महिला उद्यमी योजना के तहत सभी वर्ग की महिलाओं को उद्योग लगाने के लिए अधिकतम दस लाख रुपये की सहायता दी जाएगी। इसमें पांच लाख रुपए अनुदान एवं शेष पांच लाख राशि ब्याज मुक्त ऋण के रूप में उपलब्ध करायी जाएगी।

युवा उद्यमी योजना के तहत सभी वर्ग के युवाओं को उद्योग लगाने के लिए अधिकतम दस लाख राशि मिलेगी। इसमें पांच लाख रुपए अनुदान एवं शेष पांच लाख ऋण के रूप में एक प्रतिशत ब्याज पर दी जाएगी। योजनाओं के लिए दी जाने वाली राशि अब दो टर्म में उपलब्ध होगी। 

सीएम ने बताया कि अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजातियों के लिए उद्यमी योजना की शुरुआत वर्ष 2018 में की गई। इसका उद्देश्य एससी-एसटी युवा एवं युवतियों में उद्यमिता के विकास करने के साथ स्वरोजगार को बढ़ावा देना है। इसी तरह वर्ष 2020 में अति पिछड़ा वर्ग के युवक एवं युवतियों में विशेष प्रोत्साहन के लिए मुख्यमंत्री अति पिछड़ा उद्यमी योजना शुरू की गई।

उन्होंने कहा कि राज्य के विकास एवं लोगों को अधिक से अधिक रोजगार के अवसर उपलब्ध करने के लिए सरकार लगातार काम कर रही है। कार्यक्रम को उद्योग मंत्री शाहनवाज हुसैन ने भी संबोधित किया। उद्योग विभाग के अपर मुख्य सचिव ब्रजेश मेहरोत्रा ने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से मुख्यमंत्री महिला उद्यमी योजना एवं मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना की विस्तृत जानकारी दी। 

कार्यक्रम में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से दोनों डिप्टी सीएम, मुख्य सचिव, विकास आयुक्त, उद्योग विभाग के सचिव, सभी जिला उद्योग केंद्रों के जीएम एवं इच्छुक लाभार्थी जुड़े हुए थे।  


संबंधित खबरें