मुख्य समाचार

बिहार के विकास में बैंक अपनी भागीदारी और बढ़ाएं             

पटना। राज्य स्तरीय बैंकर्स समिति (एसएलबीसी) की 76वीं बैठक में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि बिहार के विकास में बैंकों को अपनी सहभागिता और बढ़ानी होगी। वर्ष 2020-21 में राज्य का क्रेडिट डिपॉजिट (सीडी) रेशियो 46.40 प्रतिशत जबकि पूरे देश का 76.5 प्रतिशत है। इस मामले में बिहार काफी पीछे है। राष्ट्रीय स्तर तक सीडी रेशियो लक्ष्य को लाने की बैंक पूरी कोशिश करे। 

मुख्यमंत्री ने कहा कि एसएलबीसी की बैठक सिर्फ बातचीत तक ही सीमित नहीं रहे बल्कि निर्धारित लक्ष्य पर गंभीरता से काम हो। बिहार के लोगों की बैंकों में जमा रकम विकसित राज्यों में चली जाती है। लोगों का बैंकों पर पूरा भरोसा है। इस कारण वे अपना पैसा बैंकों में रखते हैं। कुछ राज्य ऐसे हैं जिनका सीडी रेशियो 100 प्रतिशत से ऊपर है। बिहार के कई जिलों में लक्ष्य से काफी कम रेशियो है। पटना का भी रेशियो 39.22 प्रतिशत है।  

उन्होंने कहा कि वर्ष 2020-21 में एनुअल क्रेडिट प्लान (एसीपी) का लक्ष्य 1 लाख 54 हजार 500 करोड़ रखा गया था। इसका 87.86 प्रतिशत यानी 1 लाख 27 हजार 161 करोड़ रुपये खर्च किया गया। कृषि क्षेत्र के लिए 47 हजार 778 करोड़ रुपए जबकि एग्रिकल्चर अलायड क्षेत्र में 917 करोड़ रुपये खर्च किए गए। यह लक्ष्य से कम है। अगले वर्ष के लिए एसीपी का लक्ष्य 1 लाख 61 हजार 500 करोड़ रुपये निर्धारित किया गया है। कृषि क्षेत्र के लिए 51 हजार 500 करोड़ रुपये तथा एग्रिकल्चर अलायड के लिए 15 हजार करोड़ रुपये का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। 

एमएसएमई (सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योग) के क्षेत्र में बिहार में काफी संभावनाएं हैं। इस क्षेत्र को बढ़ावा देने में बैंक के सहयोग की जरूरत है। अगले वर्ष के एसीपी में एमएसएमई के लिए 35 हजार करोड़ रुपये का लक्ष्य रखा गया है। बिहार में इथेनॉल उत्पादन की काफी संभावनाएं हैं। इसके लिए कई प्रस्ताव आ रहे हैं। इसमें बैंक के सहयोग की जरूरत है। 

मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार में 10 लाख से अधिक स्वयं सहायता समूह (एसएचजी) का गठन किया गया है। इससे 1.27 करोड़ परिवार जुड़ चुके हैं। जीविका समूहों को बैंकों से मदद करने की जरूरत है। पांच हजार की आबादी पर बैंक की शाखा खोलने की योजना भी पूरी नहीं हो रही है। जबकि राज्य सरकार पंचायत सरकार भवन में बैंक शाखा के लिए जगह देने के लिए तैयार है। 

कार्यक्रम को डिप्टी सीएम तारकिशोर प्रसाद, एसबीआई के सीजेएम सुरेंद्र कुमार राणा, आरबीआई के जीएम सह प्रभारी बृजराज एवं नाबार्ड के सीजेएम डॉ सुनील कुमार ने भी संबोधित किया।
 


संबंधित खबरें