मुख्य समाचार

बाढ़ पीड़ितों की सहायता का सीएम ने दिया निर्देश 

पटना। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बाढ़ पीड़ितों की सहायता के लिए अधिकारियों को निर्देश दिया है। उन्होंने कहा कि रिलिफ के लिए सभी को मिलकर काम करना है। सरकार के खजाने पर पहला अधिकार आपदा पीड़ितों का है। समय पर लोगों की सहायता के लिए संवेदनशीलता के साथ काम करना होगा। बाढ़ प्रभावित जिलों पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, मुजफ्फरपुर, शिवहर एवं सीतामढ़ी के हवाई सर्वेक्षण के बाद सीएम ने संबंधित विभाग एवं डीएम के साथ समीक्षा बैठक की। 

समीक्षा के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि जून में पहले कभी इतनी बारिश नहीं हुई थी। इस बार अधिक बारिश के कारण कई जिलों में बाढ़ की स्थिति बनी। किसानों को काफी नुकसान हुआ है। इसका ठीक से आकलन करें ताकि उन्हें सहायता पहुंचाई जा सके। राहत कैंप में कोरोना जांच और टीकाकरण कराने का भी सीएम ने निर्देश दिया। 

आपदा प्रबंधन विभाग के अपर मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत एवं जल संसाधन विभाग के सचिव संजीव हंस ने राहत कार्य एवं बाढ़ की स्थिति की जानकारी दी। बैठक में जल संसाधन मंत्री संजय कुमार झा, मुख्य सचिव त्रिपुरारी शरण एवं विकास आयुक्त आमिर सुबहानी मौजूद थे।  
 


संबंधित खबरें