पटना। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमत को लेकर चिंतित हैं। उन्होंने कहा कि लोगों को राहत देने के उपायों पर वे शीघ्र विमर्श करेंगे। जनता के दरबार में मुख्यमंत्री कार्यक्रम के बाद वे पत्रकारों के सवालों का जवाब दे रहे थे।
पेट्रोल-डीजल पर टैक्स (वैट) कम करने के सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि अभी हमने इसपर गौर नहीं किया है। कीमत बढ़ रही है। आपलोगों (मीडिया) के सुझाव पर गौर किया जा सकता है। इस सबंध में शीघ्र विमर्श करेंगे।
केंद्र सरकार की कृषि नीति के सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि यह नीति किसी के खिलाफ नहीं है, लेकिन कई लोगों के मन में इसको लेकर अलग-अलग भावना है। बातचीत से ही इसका समाधान निकल सकता है। उन्होंने कहा कि बिहार में कृषि क्षेत्र में काफी काम हुआ है। यहां किसानों से प्रोक्योरमेंट काफी ज्यादा किया जा रहा है। इस बार बिहार में गेहूं का भी बेहतर ढंग से प्रोक्योरमेंट किया गया है। सभी लोगों को आजाद कर दिया गया है कि वे अपना उत्पादन जहां चाहें,वहां बेचें ।