मुख्य समाचार

50 सीएनजी बसों को मुख्यमंत्री ने दिखाई हरी झंडी 

पटना। पटना के लिए 50 सीएनजी बसों को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। साथ ही मुख्यमंत्री ग्राम परिवहन योजना के अंतर्गत 350 लाभुकों को एंबुलेंस की चाबी भी दी। मुख्यमंत्री ने सांकेतिक रूप से नालंदा के विनोद पासवान, बक्सर के महबूब अंसारी, भोजपुर के प्रदीप कुमार गुप्ता, कैमूर के प्रभुदयाल एवं पटना के संजीव कुमार ठाकुर को एंबुलेंस का प्रतीक चिन्ह सौंपा। 

कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री ने कहा कि राजधानी पटना में सीएनजी बसों के परिचालन से प्रदूषण कम करने एवं पर्यावरण को सुरक्षित रखने में मदद मिलेगी। सीएनजी बसों के परिचालन से लोगों को आवागमन में भी सुविधा होगी। 

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ग्राम परिवहन योजना के अंतर्गत प्रत्येक ब्लॉक में दो लाभुकों को एंबुलेंस की खरीद पर अधिकतम दो लाख रुपये अनुदान मिल रहा है। पहले चरण में इस योजना के अंतर्गत 350 लाभुकों को एंबुलेंस दी गई है। अक्टूबर तक 800 एंबुलेंस की खरीद की जाएगी। इस साल के अंत तक सभी प्रखंडों में दो लाभुकों को एंबुलेंस देने का लक्ष्य प्राप्त कर लिया जाएगा। 

एंबुलेंस की सुविधा होने से कोरोना के साथ अन्य बीमारियों एवं सड़क दुर्घटना के शिकार लोगों को अस्पताल समय पर पहुंचाया जा सकेगा। ग्रामीण इलाकों में एंबुलेंस की उपलब्धता को लेकर इस योजना की शुरुआत की गई है। इस अवसर पर डिप्टी सीएम रेणु देवी, परिवहन मंत्री शीला कुमारी, परिवहन विभाग के सचिव संजय कुमार अग्रवाल समेत वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी मौजूद थे। 
 


संबंधित खबरें