मुख्य समाचार

तटबंधों की निगरानी का सीएम ने दिया निर्देश 

पटना। राज्य की सभी नदियों के जल स्तर एवं तटबंधों की लगातार निगरानी का निर्देश मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने दिया है। उन्होंने कहा कि अगर कहीं किसी प्रकार की क्षति हुई है, तो वहां राहत कार्य के लिए शीघ्र उपाय करें। जहां भी तटबंधों में कटाव हुआ है, वहां कटाव निरोधी कार्य तेजी से कराएं। इंजीनियर से इस बात की जानकारी लें कि कटाव कैसे हुआ। आगे ऐसा न हो इसको लेकर योजनाबद्ध ढंग से काम करें।

मुख्यमंत्री आपदा प्रबंधन एवं जल संसाधन विभाग के साथ दक्षिण बिहार के बाढ़ प्रभावित जिलों की समीक्षा कर रहे थे। उन्होंने कहा कि उत्तर बिहार के साथ दक्षिण बिहार में भी नदियों के तटबंध की मजबूती को लेकर काम करें। टाल क्षेत्र के लिए भी कई योजनाएं हैं। छोटी नदियों को आपस में कैसे लिंक किया जाए। इसका आकलन कराएं। नदियों के लिंक होने से सिंचाई कार्य में काफी सुविधा होगी। सीएम ने कहा कि छोटी नदियों को संरक्षित रखना है। 

जल संसाधन विभाग के सचिव संजीव हंस ने पटना, नालंदा, जहानाबाद, कैमूर, गया एवं औरंगाबाद जिलों में बाढ़, तटबंध एवं नदियों में जल स्तर की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि झारखंड में अधिक बारिश के कारण फल्गु एवं सोन नदी में अधिक पानी आने से तटबंधों पर दवाब बढ़ा है। इस कारण बाढ़ की स्थिति बनी। अब नदियों का जल स्तर घट रहा है। बैठक में शिक्षा मंत्री, सीएम के प्रधान सचिव एवं संबंधित विभागों के प्रमुख उपस्थित थे।      
 


संबंधित खबरें