मुख्य समाचार

2.73 लाख मीट्रिक टन यूरिया अगस्त माह के लिए आवंटित 

पटना। अगस्त माह के लिए केंद्र सरकार ने 2.73 लाख मीट्रिक टन यूरिया बिहार को उपलब्ध कराया है। इससे पहले अप्रैल से जुलाई 2021 तक 4.50 लाख मीट्रिक टन उपलब्ध कराया गया। इससे स्पष्ट है कि राज्य में उर्वरक की कोई कमी नहीं है। यह जानकारी कृषि मंत्री अमरेंद्र प्रताप सिंह ने दी। वह उर्वरक कंपनियों के प्रतिनिधि एवं कृषि विभाग के अधिकारियों के साथ राज्य में उर्वरक की उपलब्धता एवं बिक्री की समीक्षा कर रहे थे। 
  
कृषि मंत्री ने कहा कि अगले दस दिनों में राज्य के सभी जिलों में यूरिया की जरूरत बढ़ेगी। इसलिए उर्वरक समुचित मात्रा में उपलब्ध रहना जरूरी है। किसानों को उचित मूल्य पर सभी तरह के उर्वरक उपलब्ध कराना सरकार की प्रतिबद्धता है। किसानों से मिली शिकायत पर तत्परता से कार्रवाई करने का उन्होंने निर्देश दिया। 

उन्होंने स्पष्ट कहा कि अगर गलत मंशा से कोई पदाधिकारी, कर्मचारी, उर्वरक विक्रेता एवं कंपनी किसानों के अहित में कार्य करते मिले, तो उन पर कार्रवाई करने में संकोच नहीं करें। मुख्यालय के अधिकारियों को प्रतिदिन जिलों में उर्वरक के स्टाॅक की स्थिति की समीक्षा करने का भी निर्देश मिला। 

उर्वरक से संबंधित किसी तरह की परेशानी होने पर कृषि निदेशालय के टेलीफोन नंबर 0612-2233555, जिला पदाधिकारी या जिला कृषि पदाधिकारी से संपर्क कर सकते हैं। बैठक में कृषि सचिव एवं कृषि निदेशक समेत मुख्यालय एवं क्षेत्रीय पदाधिकारी शामिल थे।
 


संबंधित खबरें