मुख्य समाचार

उद्योग मंत्री से मिला खादी ग्रामोद्योग संघ का शिष्टमंडल

पटना। मुजफ्फरपुर में बिहार खादी ग्रामोद्योग बोर्ड के तर्ज पर मॉडल सेंटर विकसित करने की मांग बिहार खादी ग्रामोद्योग संघ ने उद्योग विभाग से की है। इससे खादी और ग्रामोद्योग से जुड़ी सभी योजनाओं का क्रियान्वयन एक जगह हो सकेगा। खादी ग्रामोद्योग संघ की जमीन पर ही मॉडल सेंटर विकसित करने का प्रस्ताव संघ ने दिया है। 

उद्योग मंत्री सैयद शाहनवाज हुसैन से मुलाकात के दौरान संघ ने खादी मॉल के निर्माण के लिए भागलपुर के नया बाजार समेत 20 शहरों में अपनी जमीन लीज पर देने का प्रस्ताव भी दिया। बिहार खादी ग्रामोद्योग संघ के अध्यक्ष अभय कुमार चौधरी ने कहा कि खादी ग्रामोद्योग को बढ़ावा देने के प्रस्ताव पर विभाग को विचार करना चाहिए। 

बैठक के बाद उद्योग मंत्री ने निर्देश दिया कि बिहार राज्य खादी ग्रामोद्योग बोर्ड और बिहार खादी ग्रामोद्योग संघ मिलकर एक योजना बनाएं, इस पर शीघ्र निर्णय लिया जाएगा। उद्योग मंत्री ने यह भी निर्देश दिया कि कोविड गाइडलाइन में अनुमति मिलने के बाद राज्य के विभिन्न शहरों में मेला और प्रदर्शनियों का आयोजन किया जाएगा। 

उद्योग विभाग के अपर मुख्य सचिव ब्रजेश मेहरोत्रा एवं बिहार राज्य खादी ग्रामोद्योग बोर्ड के सीईओ अशोक कुमार सिन्हा भी बैठक में उपस्थित थे।


संबंधित खबरें