पटना। पृथ्वी दिवस पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि बिहार का हरित आवरण 17 प्रतिशत करने का लक्ष्य है। इस वर्ष पांच करोड़ पौधे लगाए जाने हैं। इस पर तेजी से काम हो रहा है। पिछले वर्ष 2.51 करोड़ पौधे लगाने का लक्ष्य था, लेकिन 3.95 करोड़ से अधिक पौधे लगाए गए। उन्होंने जनता से अपील की है कि सभी पौधारोपण करें। इसी से हरियाली आएगी।
मुख्यमंत्री ने पृथ्वी दिवस पर राजकीय अतिथिशाला में आंवला का पौधा भी लगाया। उन्होंने बताया कि बिहार में नौ अगस्त को पृथ्वी दिवस के रूप में मनाया जाता है। बिहार और झारखंड के बंटवारे के बाद राज्य का हरित आवरण नौ प्रतिशत हो गया था।
2011 से पृथ्वी दिवस मनाना शुरू किया गया। इसके तहत बड़े पैमाने पर पौधारोपण किया जा रहा है। हरियाली अभियान के दौरान 24 करोड़ पौधे लगाने का लक्ष्य रखा गया था। अब तक 22 करोड़ पौधे लगाए जा चुके हैं। 2019 में जल-जीवन-हरियाली अभियान की शुरुआत की गई। पर्यावरण संरक्षण को लेकर यह अभियान चलाया जा रहा है।
इस अवसर पर डिप्टी सीएम तारकिशोर प्रसाद, पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री नीरज कुमार सिंह, समाज कल्याण मंत्री मदन सहनी, प्रधान सचिव दीपक कुमार सिंह एवं विभाग के अन्य वरीय अधिकारी उपस्थित थे।