पटना/नई दिल्ली। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के अंतर्गत बिहार के 80.13 लाख लाभार्थी किसानों के बैंक खातों में 16,02,66,32,000 राशि भेजी गई। योजना का मुख्य लक्ष्य किसानों की सहायता है। पूरी राशि केंद्र सरकार वहन करती है। योजना एक दिसंबर, 2018 से लागू है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वीडियो काॅन्फ्रेंसिंग के जरिए योजना की नौवीं किस्त के रूप में देश के 9.75 करोड़ लाभुक किसानों के खाते में 19,500 करोड़ राशि हस्तांतरित की। बिहार के कृषि मंत्री अमरेंद्र प्रताप सिंह ने इसके लिए प्रधानमंत्री का आभार व्यक्त किया।
कृषि मंत्री ने बताया कि अच्छी फसल और घरेलू जरूरतों के लिए प्रत्येक किसान को केंद्र सरकार प्रतिवर्ष छह हजार राशि जारी करती है। किसानों के बैंक खातों में राशि ऑनलाइन भेजी जा रही है। राज्य सरकार ने इसके लिए कृषि विभाग को नोडल विभाग नियुक्त किया है।
योजना की प्रक्रिया : कृषि विभाग के अंतर्गत एक प्रत्यक्ष लाभ अंतरण कोषांग (डीबीटी सेल) का गठन किया गया है। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के लिए किसानों को कृषि विभाग की वेबसाइट https://www.dbtagriculture.bihar.gov.in पर रजिस्ट्रेशन कराना होता है।
किसानों से मिले आवेदन पंचायत स्तर पर कृषि समन्वयक के लॉग इन पर भेजे जाते हैं। कृषि समन्वयक किसानों की विवरणी की जांच एवं उनके किसान होने का सत्यापन करते हैं। सत्यापित आवेदन को कृषि समन्वयक अंचलाधिकारी को भेज देते हैं। अंचलाधिकारी आवेदक की जमीन संबंधित कागजात की जांच के बाद अपर समाहर्ता (राजस्व) के लाॅग इन में भेज देते हैं। अपर समाहर्ता (राजस्व) की जांच के बाद ही आवेदन मुख्यालय भेजा जाता है।