पटना। गंगा नदी के कई क्षेत्रों का जायजा लेने के बाद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि गंगा के जलस्तर में वृद्धि हो रही है। इसमें और वृद्धि की आशंका है। वर्ष 2016 में गंगा के समीप के 12 जिलों में बाढ़ से बचाव की पूरी तैयारी की गई थी। अधिकारियों को इसी तर्ज पर पूरी तैयारी करने का निर्देश दिया गया है।
पटना के समीप गंगा नदी के कई इलाकों एवं घाटों का मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सड़क मार्ग से जायजा लिया। उन्होंने पटना मुख्य नहर के दीघा लॉक और एलसीटी घाट पर सुरक्षा दीवार, दीघा घाट, भद्रघाट, कंगन एवं गांधी घाट पर गंगा के बढ़ते जलस्तर का मुआयना किया।
मुख्यमंत्री जेपी सेतु होते हुए सोनपुर एवं हाजीपुर क्षेत्र भी पहुंचे। वापसी में महात्मा गांधी सेतु पर रुककर जलस्तर का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों से कहा कि गंगा किनारे जहां घनी आबादी है और पानी का रिसाव हो रहा है। उसे शीघ्र बंद कराएं। गंगा के जिन घाटों पर ज्यादा पानी आ गया है, वहां बैरिकेडिंग कराएं।
निरीक्षण के दौरान जल संसाधन मंत्री संजय कुमार झा, सीएम के प्रधान सचिव एवं सचिव, जल संसाधन सचिव संजीव हंस, पटना प्रमंडल के आयुक्त संजय कुमार अग्रवाल, डीएम चंद्रशेखर सिंह, एसएसपी उपेंद्र शर्मा सहित अन्य वरीय अधिकारी उपस्थित थे।