छपरा/पटना। सारण जिले के मुसेपुर चौक पर रह रहे बाढ़ विस्थापितों ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को अपनी तकलीफ बतायी। सीएम ने जिला प्रशासन को निर्देश दिया कि लोगों को किसी प्रकार की दिक्कत नहीं होनी चाहिए। सभी जरूरी सामान की पूरी व्यवस्था रखें। पशु चारा की कमी न हो। सामुदायिक किचेन को और बड़ा करें ताकि सहूलियत से सभी भोजन कर सकें।
सीएम ने स्थानीय जनप्रतिनिधियों से भी कहा कि राहत कार्य में जिला प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर काम करें। सारण के डीएम डॉ नीलेश रामचंद्र देवरे ने सीएम को बाढ़ प्रभावित आबादी एवं राहत कार्यों की जानकारी दी। सड़क मार्ग से आरा एवं सारण जिलों के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का मुख्यमंत्री ने जायजा लिया। उन्होंने कोईलवर, बबुरा, डोरीगंज, मौजमपुर एवं सोनपुर के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत कार्यों की जानकारी ली एवं आवश्यक निर्देश दिए।
सारण जिले के मुसेपुर चौक पर सामुदायिक किचन में भोजन कर रहे लोगों से उन्होंने बातचीत की। समीप में कोविड टीकाकरण केंद्र का भी निरीक्षण किया।उन्होंने निर्देश दिया कि यहां रहे सभी लोग कोरोना की जांच एवं टीकाकरण अवश्य कराएं। नवनिर्मित फोरलेन कोईलवर पुल पर रुककर सीएम ने सोन नदी एवं वीर कुंवर सिंह सेतु पर गंगा नदी के जलस्तर का जायजा लिया।
इस दौरान जल संसाधन मंत्री संजय कुमार झा, अपर मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, प्रधान सचिव चंचल कुमार, सचिव संजीव हंस एवं अनुपम कुमार, संबद्ध जिलों के डीएम एवं एसपी मौजूद थे।