भागलपुर/खगड़िया/बेगूसराय। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भागलपुर, खगड़िया एवं बेगूसराय जिलों के डीएम को निर्देश दिया है कि बाढ़ राहत शिविर में प्रबंधन ठीक रखें। उन्होंने कहा कि हवाई सर्वेक्षण के दौरान हमने देखा है कि काफी संख्या में लोग बाढ़ से प्रभावित हुए हैं। इसलिए जरूरत के मुताबिक राहत शिविरों की संख्या बढ़ाएं। शिविरों में लोगों की संख्या सीमित रखें ताकि रहने में कोई असुविधा नहीं हो।
मुख्यमंत्री ने राहत शिविर निरीक्षण के दौरान बाढ़ प्रभावित लोगों को शीघ्र राहत पहुंचाने एवं उनकी मदद के लिए तत्परता से काम करने का निर्देश दिया। भागलपुर जिला के नवगछिया प्रखंड के रामधारी इंटर स्तरीय हाई स्कूल पकरा, गोपालपुर प्रखंड के हाई स्कूल, मकनपुर एवं खगड़िया जिले के परबत्ता प्रखंड के भरतखंड हाई स्कूल में बाढ़ राहत शिविरों का सीएम ने निरीक्षण किया। साथ ही भरतखंड के सहनी टोला के स्लूइस गेट एवं बांध और बेगूसराय के मटिहानी प्रखंड के खोरमपुर घाट क्षेत्र में गंगा नदी के जलस्तर का भी जायजा लिया।
उन्होंने चिकित्सा शिविर, सामुदायिक रसोई एवं आंगनबाड़ी केंद्रों में व्यवस्था की पूरी जानकारी ली। इस दौरान वह लोगों की समस्याओं से भी अवगत हुए। राहत शिविर में रह रहे सभी लोगों की कोरोना जांच एवं टीकाकरण कराने का निर्देश दिया। महिलाओं में साड़ी का भी वितरण किया।
निरीक्षण के बाद सीएम ने बताया कि राज्य सरकार की तरफ से बाढ़ प्रभावित प्रति परिवार को छह हजार रुपए की आर्थिक मदद दी जा रही है। राहत शिविरों में प्रभावित लोगों के रहने एवं भोजन का प्रबंध है। इसके अलावा गर्भवती महिलाओं का विशेष रूप से ख्याल रखा जा रहा है। राहत शिविरों में गर्भवती महिलाओं को बेटा होने पर दस हजार रुपए और बेटी होने पर पंद्रह हजार रुपए की आर्थिक सहायता भी दी जा रही है।