पटना। रक्षा बंधन पर राजधानी वाटिका में पीपल वृक्ष को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने रक्षा सूत्र बांधा। साथ ही बिहार वृक्ष सुरक्षा दिवस पर पाटली वृक्ष का रोपण भी किया। पहली बार 13 अगस्त, 2012 को रक्षाबंधन पर वृक्ष सुरक्षा दिवस का शुभारंभ मुख्यमंत्री ने किया था। इसका उद्देश्य है कि पर्यावरण के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़े और अधिक से अधिक पौधारोपण करें।
जलवायु परिवर्तन के कारण पृथ्वी पर हो रहे नुकसान को कम करने के लिए पौधारोपण करना एवं इन्हें बचाना आवश्यक है। जल-जीवन-हरियाली अभियान के अंतर्गत इस वर्ष पांच करोड़ पौधारोपण का लक्ष्य रखा गया है। राज्य का हरित आवरण अब लगभग 15 प्रतिशत है। इसे 17 प्रतिशत करने का लक्ष्य है। इसके लिए राज्य सरकार प्रयासरत है।
राज्य में इको टूरिज्म को भी बढ़ावा दिया जा रहा है। इसके लिए विभाग में इको टूरिज्म विंग का गठन एवं इको टूरिज्म पॉलिसी बनाई जा रही है। इन सभी प्रयासों से राज्य के लोग पर्यावरण, जीव-जंतुओं के संरक्षण तथा पौधारोपण के प्रति जागरूक होंगे। इस अवसर पर शिक्षा मंत्री विजय कुमार चौधरी, भवन निर्माण मंत्री अशोक चौधरी, प्रधान मुख्य वन संरक्षक आशुतोष, सीएम के ओएसडी गोपाल सिंह, डीएम चंद्रशेखर सिंह, एसएसपी उपेंद्र शर्मा एवं अन्य वरीय अधिकारी उपस्थित थे।