पटना। कोरोना संक्रमण में कमी को देखते हुए राज्य सरकार ने 26 अगस्त से सभी धार्मिक स्थलों को खोलने का निर्णय लिया है। श्रद्धालुओं से सोशल डिस्टेंसिंग और मास्क के प्रयोग की जिम्मेवारी धार्मिक स्थल के प्रबंधन पर होगी। आपदा प्रबंधन समूह की बैठक में कोरोना संक्रमण की वजह से जारी प्रतिबंधों को शिथिल करने के लिए कई निर्णय लिए गए। बैठक मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में हुई।
प्रशासन की अनुमति से सभी तरह के सांस्कृतिक, धार्मिक, शैक्षणिक, सामाजिक, राजनीतिक, खेलकूद एवं मनोरंजन सबंधित आयोजन किए जाएंगे। सभी पार्क, उद्यान, दुकान, प्रतिष्ठान एवं शॉपिंग मॉल सामान्य रूप से खुलेंगे। सिनेमा हॉल, क्लब, जिम, स्वीमिंग पूल एवं रेस्टारेंट में अधिकतम क्षमता पचास प्रतिशत होगी।
पहली से बारहवीं कक्षा तक के सभी स्कूल, कोचिंग, कॉलेज एवं यूनिवर्सिटी अब सामान्य रूप से खुलेंगे। ऑनलाइन माध्यम से पढ़ाई की व्यवस्था बनी रहेगी। जिन राज्यों में कोरोना संक्रमण के अधिक मामले हैं, वहां से आने वाले यात्रियों की जांच के लिए स्वास्थ्य विभाग विशेष व्यवस्था करेगा।