दरभंगा। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि मधुबनी एवं दरभंगा जिला के कई क्षेत्र साल में छह महीने बाढ़ से प्रभावित रहते हैं। इसके निदान के लिए सरकार ने योजना बनाई है। तटबंध निर्माण का काम हो रहा है ताकि बाढ़ का पानी यहां नहीं रहे । मुख्यमंत्री मधुबनी एवं दरभंगा जिलों के बाढ़ ग्रस्त इलाकों के हवाई सर्वेक्षण के बाद पत्रकारों को संबोधित कर रहे थे।
सीएम ने दरभंगा जिले के कुशेश्वर स्थान पूर्वी प्रखंड स्थित अदलपुर एवं सहोरवा गांव में बाढ़ की स्थिति का भी जायजा लिया। उन्होंने सड़क किनारे रह रहे बाढ़ पीड़ितों को मिल रही सुविधाओं की जानकारी ली।
मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि बाढ़ राहत शिविर में रह रहे लोगों को किसी तरह की असुविधा नहीं होनी चाहिए। मसानखोर स्कूल में बने राहत शिविर के निरीक्षण के क्रम में उन्होंने गर्भवती महिलाओं के रहने की जगह, सामुदायिक रसोई एवं स्मार्ट क्लास सहित अन्य सुविधाओं का ब्योरा लिया।
शंकर मॉडर्न पब्लिक स्कूल, ग्यासपुरा में बने कोविड-19 टीकाकरण केंद्र सह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में उपलब्ध सुविधाओं की भी जानकारी ली। इस दौरान मुख्यमंत्री ने मोहम्मद रब्बानी को मुख्यमंत्री अल्पसंख्यक ऋण योजना के तहत दो लाख रुपये का चेक, नजमा आफरीन को महिला सहायता योजना के तहत 25 हजार रुपए एवं ममता देवी को राहत शिविर में पुत्री पैदा होने पर 15 हजार रुपए का चेक दिया।