पटना। बिहार को शीघ्र एक लाख मीट्रिक टन यूरिया उपलब्ध कराने का आश्वासन केंद्रीय रसायन एवं उर्वरक मंत्री मनसुख मंडाविया ने दिया है। कृषि मंत्री अमरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि वर्तमान खरीफ मौसम में जरूरत के अनुरूप बिहार को कम उर्वरक उपलब्ध करया गया है। 31 अगस्त 2021 तक 5.90 लाख मीट्रिक टन यूरिया की आपूर्ति की गई है जबकि पिछले वर्ष इसी अवधि में 8.12 लाख मीट्रिक टन आपूर्ति हुई थी।
कृषि मंत्री ने कहा कि सरकार राज्य के किसानों को पारदर्शी तरीके से निर्धारित मूल्य पर उर्वरक उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। किसानों से निर्धारित मूल्य से एक रुपया भी अधिक लेना अपराध है। इसके लिए जीरो टॉलरेंस नीति अपनाई जा रही है। इसके तहत प्रत्येक स्तर पर विभाग एवं उर्वरक विक्रेताओं की जिम्मेदारी तय की गई है।
कंपनी के प्रतिनिधि, उर्वरक के थोक तथा खुदरा व्यापारी में से कोई भी दोषी पाया गया, तो सख्त कार्रवाई की जाएगी। रेलवे रेक प्वाइंट से भाड़े के नाम पर एवं अन्य कारणों से अधिक मूल्य वसूल करना, किसी भी थोक और खुदरा विक्रेताओं को अधिक मूल्य पर उर्वरक देना तथा उर्वरक आपूर्तिकर्ता कंपनियों द्वारा यूरिया के साथ टैग कर किसी अन्य उर्वरक की बिक्री करना भी दंडनीय अपराध है। इनमें से किसी भी प्रकार की शिकायत प्राप्त होने पर दोषी के खिलाफ 24 घंटे के अंदर एफआईआर दर्ज की जाएगी।