मुख्य समाचार

इको टूरिज्म से स्थानीय लोगों की बढ़ेगी आय : सीएम

पटना। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि इको टूरिज्म के विकास से राज्य में पर्यटकों की संख्या बढ़ने के साथ स्थानीय लोगों की आमदनी भी बढ़ेगी। उन्होंने इको टूरिज्म का प्रबंधन और मेंटेनेंस विभाग को ही करने का निर्देश दिया। विशेषज्ञों के साथ विभाग के अधिकारियों को स्थल का जायजा लेने और वहां की परिस्थिति के अनुसार इको टूरिज्म के विकास पर काम करने का भी निर्देश दिया। मुख्यमंत्री पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के साथ इको टूरिज्म पॉलिसी से संबंधित बैठक को संबोधित कर रहे थे। 

उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण के प्रति राज्य सरकार गंभीर है। राज्य में इको टूरिज्म को बढ़ावा देने के लिए पॉलिसी बन रही है। प्रकृति से सामंजस्य रखते हुए पर्यटन को बढ़ावा देना है। इस बात का ध्यान रखना है कि प्रकृति को किसी तरह से नुकसान न हो। इससे राज्य के लोगों में पर्यावरण एवं जीव जंतुओं के संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ेगी और प्रकृति का संरक्षण भी बेहतर तरीके से होगा। 

मुख्यमंत्री ने कहा कि पश्चिमी चंपारण जिले में स्थित वाल्मीकिनगर एक यूनिक जगह है। इसके एक तरफ गंडक नदी है, तो दूसरी तरफ वन एवं पहाड़ हैं। यह इको टूरिज्म का बेहतर स्थल बनेगा। वाल्मीकिनगर पहुंचने के लिए आवागमन सुगम बनाया गया है। वहां लोगों के रहने के साथ मनोरंजन गतिविधियों की भी व्यवस्था की जा रही है। वाल्मीकिनगर में एक कॉन्वेंशन सेंटर का निर्माण भी होगा। इससेकार्यक्रम आयोजित करने में सहूलियत हो जाएगी। 

पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के प्रधान सचिव दीपक कुमार सिंह ने इको टूरिज्म पॉलिसी से संबंधित प्रेजेंटेशन दिया। उन्होंने इको टूरिज्म प्लान एवं इंप्लीमेंटेशन स्ट्रेटजी की जानकारी दी। बैठक में पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री, पर्यटन मंत्री, मुख्य सचिव, विकास आयुक्त, सीएम के प्रधान सचिव एवं सचिव और पर्यटन सचिव मौजूद थे। 
 


संबंधित खबरें