पटना। 17 सितंबर को आयोजित कोविड टीकाकरण महाअभियान में 33 लाख 9 हजार 685 लोगों का टीकाकरण कर बिहार ने एक नया कीर्तिमान बनाया है। अब तक उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार देश में चलाये गये कोविड टीकाकरण महाअभियान में बिहार पहले स्थान पर रहा है।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कोविड टीकाकरण महाअभियान के तहत बिहार में रिकॉर्ड टीकाकरण के लिए बिहारवासियों को बधाई दी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि कोरोना टीकाकरण महाअभियान के तहत बिहार में 17 सितंबर को 30 लाख टीका लगाने का लक्ष्य था, लेकिन बिहार ने इस लक्ष्य को पार करते हुए 33 लाख 9 हजार 685 लोगों का टीकाकरण किया है। यह अपने आप में एक बड़ी उपलब्धि है। उम्मीद है कि स्वास्थ्य विभाग इसी मनोयोग के साथ काम करता रहेगा।