मुख्य समाचार

पर्यटन के ख्याल से महत्वपूर्ण है ओढ़नी जलाशय             

बांका। बांका जिला स्थित ओढ़नी जलाशय मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पहली बार पहुंचे। मोटरवोट से जलाशय का भ्रमण करने के बाद उन्होंने कहा कि पर्यटन के दृष्टिकोण से यह काफी महत्वपूर्ण स्थल है। इस कारण यहां योजनाबद्ध ढंग से काम हो रहा है। पहाड़ी क्षेत्र में पौधारोपण कराया जा रहा है। इस बात का भी ध्यान रखा जा रहा है कि यहां के पुराने वृक्षों की प्रजातियों को सुरक्षित रखा जाए।  

ओढ़नी जलाशय जिला मुख्यालय से लगभग 16 किलोमीटर दूर मनोरम वादियों के बीच स्थित है। इसका निर्माण वर्ष 2001 में किया गया था। इस जलाशय की प्राकृतिक संरचना को देखते हुए सारे कार्य किए जा रहे हैं। डैम साइड मेडिटेशन कैंप, मड हाऊस स्टे, जंगल एवं नेचर सफारी, माउंटेन कैंप, साइकलिंग, बर्मा ब्रिज एवं जिप लाइन के काम हो रहे हैं। डैम में परदेशी पक्षियों के आने के बाद बर्ड वाचिंग का भी यहां अद्भुत संयोग बनेगा। 

मुख्यमंत्री ने कहा कि हमने पुरातात्विक स्थल भदरिया का भी आज एरियल सर्वे किया । इस जगह की खुदाई होने पर दो से ढाई हजार वर्ष पहले के इतिहास की भी जानकारी मिलेगी। खेती के लिए भी इस जलाशय का उपयोग किया जाता है। पर्यटन को बढ़ावा देने की यहां काफी गुंजाइश है। पर्यावरण संरक्षण के दृष्टिकोण से भी यह स्थल महत्वपूर्ण है। 

भ्रमण के दौरान डिप्टी सीएम तारकिशोर प्रसाद, जल संसाधन मंत्री संजय झा, पर्यटन मंत्री नारायण प्रसाद, ग्रामीण कार्य मंत्री जयंत राज, क्षेत्र के सांसद एवं विधायक, सीएम के प्रधान सचिव चंचल कुमार, पर्यटन विभाग के सचिव संतोष कुमार मल्ल, भागलपुर के आयुक्त प्रेम सिंह मीणा, बांका के डीएम सुहर्ष भगत एवं एसपी अरविंद गुप्ता मौजूद थे।   
 


संबंधित खबरें