पटना। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बालू के अवैध खनन पर कड़ाई से अंकुश लगाने और इसमें शामिल लोगों पर कठोर कानूनी कार्रवाई का निर्देश दिया है। उन्होंने कहा कि संबंधित विभागों को और व्यापक कार्रवाई करने की जरूरत है। मुख्यमंत्री खान एवं भूतत्व विभाग की समीक्षा बैठक को संबोधित कर रहे थे।
सीएम ने कहा कि उपभोक्ताओं को बालू आसानी से उचित कीमत पर मिलनी चाहिए। इसके लिए विभाग लगातार निगरानी करे ताकि लोगों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। बिहार से झारखंड के अलग होने के बाद बालू ही राजस्व का एक मुख्य स्रोत माना जाता था। सभी क्षेत्रों में विकास कार्य होने से राजस्व के कई स्रोत बढ़े हैं।
उन्होंने कहा कि पर्यावरण एवं पारिस्थितिकी संतुलन को ध्यान में रखते हुए सभी कार्य होने चाहिए। बिहार में ऐतिहासिक एवं पुरातात्विक महत्व के पहाड़ों को भी सुरक्षित रखना है। खान एवं भूतत्व विभाग की प्रधान सचिव हरजोत कौर ने विभाग के कार्यकलापों की जानकारी दी। बैठक में डिप्टी सीएम तारकिशोर प्रसाद, खान एवं भूतत्व मंत्री जनक राम, मुख्य सचिव त्रिपुरारी शरण, विकास आयुक्त आमिर सुबहानी एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।