मुख्य समाचार

वाल्मीकि टाइगर रिजर्व की टीम पलामू के लिए रवाना

पटना/बेतिया। वाल्मीकि टाइगर रिजर्व, बेतिया ने इंडिया फॉर टाइगर-रैली ऑन व्हील्स का आयोजन किया है। रैली 30 सितंबर की सुबह वाल्मीकि टाइगर रिजर्व से शुरू हो गई है। यह दो अक्टूबर को झारखंड स्थित पलामू टाइगर रिजर्व पहुंचेगी, जहां मेगा इवेंट होगा। एक अक्टूबर को पटना से इस रैली को पलामू के लिए पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री नीरज कुमार सिंह ने रवाना किया।

वाल्मीकि टाइगर रिजर्व की टीम बेतिया से पलामू जाने के दौरान चयनित स्कूल-कॉलेजों में बाघ एवं पर्यावरण संरक्षण पर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन करेगी। आजादी के अमृत महोत्सव एवं वन्यप्राणी सप्ताह (2-8 अक्टूबर) के अवसर पर राष्ट्रीय बाघ संरक्षण प्राधिकरण ने रैली का आयोजन किया है। देश के 51 टाइगर रिजर्व में 42 से अलग-अलग दिन रैली निकलेगी, जो शेष नौ टाइगर रिजर्व पहुंचेगी।

रैली का उद्देश्य लोगों में बाघ और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता लाना है। पटना से रैली को प्रधान सचिव दीपक कुमार सिंह, प्रधान मुख्य वन संरक्षक आशुतोष, एके प्रसाद एवं राकेश कुमार, अपर प्रधान मुख्य वन संरक्षक अरविंदर सिंह समेत कई अधिकारियों ने रवाना किया।

पलामू जाने वाली इस रैली में 15 पदाधिकारी एवं कर्मचारी वाल्मीकि वाल्मीकि टाइगर रिजर्व का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। 30 सितंबर को बेतिया से सांसद संजय जायसवाल,जिला के डीएम एवं एसपी ने रैली को रवाना किया। इस अवसर पर स्कूली बच्चे एवं स्थानीय ग्रामीण उपस्थित थे। 

 


संबंधित खबरें