मुख्य समाचार

बिहार सदन में लोक सेवा केंद्र की शुरुआत

पटना/नई दिल्ली। द्वारका सेक्टर-19 स्थित बिहार सदन में बिहार लोक सेवाओं का अधिकार केंद्र की शुरुआत की गई है। मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव चंचल कुमार ने पटना से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से लोक सेवा केंद्र का लोकार्पण किया। इस अवसर पर पटना से बिहार प्रशासनिक सुधार मिशन सोसाइटी की अपर निदेशक डॉ प्रतिमा एवं दिल्ली से स्थानिक आयुक्त पलका साहनी मौजूद थीं।

दिल्ली में रहने वाले बिहारवासी वर्ष 2012 से चाणक्यपुरी स्थित बिहार भवन लोक सेवा केंद्र में ई-सेवाओं के माध्यम से विभिन्न सेवाओं का लाभ उठा रहे हैं। ई सेवाओं के माध्यम से दिल्ली स्थित बिहार के लोगों ने आय एवं जाति प्रमाणपत्र समेत अन्य महत्वपूर्ण योजनाओं का लाभ उठाया है।

यहां मौजूद प्लॉटर मशीन की सहायता से अब तक 500 राजस्व मानचित्र निर्गत किए जा चुके हैं। सरकारी सेवाओं को नियत समय सीमा में पारदर्शी एवं सुलभ तरीके से ऑनलाइन ई-सेवा पोर्टल के माध्यम से उपलब्ध कराने के लिए बिहार सदन द्वारका में भी लोक सेवाओं की पहल की गई है।

सिंगल विंडो सिस्टम के माध्यम से यहां मुख्यमंत्री चिकित्सा सहायता राशि के लिए आवेदन भी किए जा सकेंगे। बिहार भवन के तर्ज पर बिहार सदन, द्वारका में भी प्लॉटर मशीन की सुविधा बहाल की जाएगी। बिहार सदन लोक सेवा केंद्र में आईटी प्रबंधक और आईटी सहायक लोगों की सहायता के लिए मौजूद रहेंगे। इस केंद्र का समय सभी कार्य दिवस को प्रातः 10 बजे से शाम 5 बजे तक रहेगा।

 


संबंधित खबरें