पटना। उद्योग मंत्री शाहनवाज हुसैन ने कहा कि बिहार के पास समंदर नहीं है, लेकिन हिमालय जैसा बुलंद हौसला है। बिहारवासी अपनी मेहनत से बड़े-बड़े उद्योग खड़ा करने का सामर्थ्य रखते हैं। दूसरे राज्यों में उद्योगों की सफलता के पीछे बिहार की श्रम शक्ति का अहम योगदान है। जब बिहार में उद्योग लगेंगे, तो बिहार के लोग इसे सफल बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ेंगे।
उद्योग मंत्री दिल्ली में राष्ट्रीय जन व्यापार उद्योग संगठन के व्यापारी शिखर सम्मेलन और उद्योग संवाद कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने उद्योग और कारोबार जगत के लोगों को बिहार आने का न्योता दिया। संगठन के सदस्यों से कहा कि बिहार के प्रति उद्योग जगत का विश्वास काफी बढ़ गया है। बिहार में उद्योगों के लिए आधारभूत संरचना तैयार है।